मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भष्टाचार पर चुनाव जनसभाओं में कांग्रेस पार्टी पर बड़े हमले कर रहे हैं। अब उन्होंने कांग्रेस के भ्रष्टाचार का उदाहरण देते हुए कहा है कि प्रयागराज में चार हजार करोड़ के खर्च में 25 करोड़ लोगों के कुंभ का भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश की सरकार ने कर दिया, वहीं कांग्रेस सरकार ने सिर्फ कॉमनवेल्थ गेम में 70 हजार करोड़ खर्च कर खेल कर दिया।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के डीएनए में है। कांग्रेस का हाथ देशद्रोहियों के साथ है। इसी के अनुरूप उनका घोषणा पत्र भी है। भाजपा प्रत्याशी रमापति राम त्रिपाठी के नामांकन के दौरान सभा में सीएम ने कहा, महज चार हजार करोड़ रूपये खर्च कर सरकार ने प्रयागराज में कुंभ का शानदार आयोजन किया, जिसमें 25 करोड़ लोग शामिल हुए। कांग्रेस सरकार ने सिर्फ कॉमनवेल्थ गेम में ही 70 हजार करोड़ खर्च कर दिये और कई लोग जेल भी गये।
देवरिया की एक चुनावी जनसभा में योगी ने कहा कि हर तरफ जनता में एक ही भाव, एक ही आवाज है, फिर से मोदी सरकार बनाने के लिए लोग एकजुट हैं, इसलिए इस बार जनता खुद चुनाव लड़ रही है। केरल और बंगाल जैसे राज्यों में भी लोग खुलकर भाजपा के समर्थन में आये हैं, यह बदलाव केंद्र सरकार के कार्यों की बदौलत है।