पीएसी की 15वीं बटालियन परिसर में जवानों की शौर्य गाथा दर्शाने के लिए गैलरी बनायी जायेगी। प्रदेश में ये इस तरह की पहली गैलरी होगी। ये आदेश एडीजी पीएसी विनोद कुमार सिंह ने स्थानीय कमांडेंट को दिये हैं। वे सभी बटालियन का निरीक्षण करने के साथ ही जवानों से सीधा संवाद कर रहे हैं।
पीएसी में सुधार की संभावना तलाश रहे हैं, इसी सिलसिले में एडीजी ने गुरूवार की रात ताज की सुरक्षा में महताब बाग में तैनात पीएसी कैंप का निरीक्षण किया। शुक्रवार सुबह नौ बजे से दोपहर चार बजे तक पीएसी परिसर का निरीक्षण किया, इस दौरान वह जवानों से सीधा संवाद करके समस्याओं को जाना। एडीजी के साथ निरीक्षण के दौरान कमांडेंट प्रमोद कुमार भी थे।
एडीजी ने बताया कि 15वीं बटालियन परिसर में बनने वाली गैलरी में बटालियन की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों का ब्यौरा होगा। पीएसी जवानों ने कई दशक पहले मुठभेड़ में 11 डकैतों को मार गिराया था, इसमें कुछ जवान भी शहीद हो गये थे, इस शौर्य गाथा से आगरा की युवा पीढ़ी शायद ही परिचित हो। ऐसी कई उपलब्धियां और एतिहासिक महत्व की बातें 15वीं बटालियन पीएसी से जुड़ी हैं।