पर्यटक दोपहर में होटलों में आराम कर सुबह-शाम देखने आ रहे हैं ताजमहल

आग उगलते सूरज के तेवरों ने पर्यटकों की आइटनरी में परिवर्तन कर दिया है। विदेशी पर्यटक सूर्योदय के समय और शाम को ताजमहल को देखने आ रहे हैं, दिन भर वे होटल में आराम करते हैं, गर्मी से बचने को टूर ऑपरेटर दिन के समय उन्हें कहीं नहीं जाने की सलाह दे रहे हैं।
ताजनगरी में इन दिनों तापमान 40 डिग्री से. से अधिक चल रहा है। इसके चलते ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी गिरावट आयी है, उनके स्मारकों के दीदार का समय भी बदल गया है। सर्वाधिक विदेशी पर्यटक सूर्योदय के समय ताज का दीदार करने पहुंच रहे हैं। ताजमहल में अधिकतर समय पर्यटकों को धूप में घूमना होता है। ताजमहल में लगे पत्थर तापमान चढ़ने के साथ गर्म होने लगते हैं, जिसमें पर्यटकों पर ऊपर से सूरज की मार पड़ती है और नीचे से पत्थर तपते हैं, इसके चलते अब वे सुबह सूर्योदय और शाम 4ः30 बजे के बाद ही ताजमहल देखने पहुंच रहे हैं।
टूरिज्म गिल्ड के सचिव राजीव सक्सैना ने बताया कि ताजमहल में पानी व टॉयलेट की उचित व्यवस्था नहीं है, इसी के चलते हम पर्यटकों को दोपहर में घूमने जाने के बजाय सुबह व शाम को स्मारक भ्रमण करा रहे हैं। टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के विशाल शर्मा बताते हैं कि इन दिनों गर्मी बहुत अधिक है, इसीलिए हम पर्यटकों को सुबह और शाम के समय स्मारक घूमने की कह रहे हैं।