
घटना क्रम के अनुसार बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उप्र बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव और अधिवक्ता मनीष शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अधिवक्ता मनीष शर्मा ने दरवेश यादव को लगातार तीन गोली मारीं। गोली चलने से दीवानी परिसर में अफरा तफरी फैल गई।
जनाकरी के मुताबिक इसके बाद मनीष शर्मा ने खुद को भी एक गोली मार ली। पुलिस ने दोनों को दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया। फिलहाल विवाद के कारण का अभी कुछ पता नहीं चल सका है।
बता दें कि दो दिन पहले ही दरवेश यादव उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। यूपी बार काउंसिल के इतिहास में वे पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं। यूपी बार काउंसिल का चुनाव रविवार को प्रयागराज में हुआ था। दरवेश सिंह और हरिशंकर सिंह को बराबर 12-12 वोट मिले। दरवेश सिंह के नाम एक रिकॉर्ड यह भी है कि बार काउंसिल के 24 सदस्यों में वे अकेली महिला हैं। चुनाव मैदान में कुल 298 प्रत्याशी थे।