
ताजगंज के कौलक्खा में डॉ बीआर आंबेडकर पब्लिक स्कूल है। इसके संचालक सरेंद्र कुमार लवानिया थे। उन्होंने इस स्कूल को धीरज नाम के युवक को किराये पर दे रखा था। इसके किराये को लेकर लवानिया का धीरज से विवाद चल रहा था।
वहीं लवानिया के दूसरे सैनिक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विजय कुमार झा हैं, जो बिहार के रहने वाले हैं। बताया गया है कि शुक्रवार को धीरज का फोन आने के बाद सुरेंद्र कुमार और विजय कुमार घर से निकले थे। इसके बाद नहीं लौटे।
आगरा के शमसाबाद के धिमश्री के मंशा की मढ़ैया निवासी सुरेंद्र कुमार लवानियां (50) पुत्र कालीचरण लवानियां वर्ष 2011 से ओम विहार कॉलोनी, कारगिल पेट्रोल पंप सिकंदरा में रह रहे थे। उनके तीन स्कूल सैनिक भारती इंटर कॉलेज उखर्रा, सुर हायर सेकेंडरी स्कूल धिमश्री, पं. कालीचरण स्कूल मंशा की मढ़ैया में हैं। जबकि ताजगंज के कौलक्खा स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उन्होंने सेमरी निवासी धीरज को किराए पर दे रखा है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे धीरज ने सुरेंद्र को फोन करके बुलाया था। इसके बाद वो घर वापस नहीं आए। रात 9:30 बजे उनकी पत्नी ने फोन किया तो वो स्विच्ड ऑफ था। सुरेंद्र के साथ उनके सैनिक भारती स्कूल के प्रिंसिपल विजय कुमार झा मूल निवासी दरभंगा मनीगाछी, बिहार और हाल निवासी इंदिरापुरम, राजपुर चुंगी भी गायब थे। वो 20 वर्ष से इंदिरा पुरम में रह रहे थे। दोनों के परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
शनिवार सुबह पुलिस को परिजनों ने दोनों के गायब होने की सूचना दी थी। परिजनों ने धीरज का फोन आने की जानकारी पुलिस को दी थी। सुरेंद्र कुमार लवानियां की कार और विजय कुमार झा की बाइक भी गायब थी। पुलिस ने शनिवार शाम को धीरज को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने दोनों की हत्या की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर रविवार सुबह 5:30 बजे दोनों के शव ताजगंज के कौलक्खा स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की चहारदीवारी के पास तीन घंटे की खोदाई के बाद पुलिस ने बरामद कर लिए। पुलिस ने सैंया से स्कूल संचालक की कार और धीरज के एक रिश्तेदार के यहां से प्रिंसिपल की बाइक भी बरामद कर ली है। धीरज, उसके भाई और एक अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
शाम को दो और आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि स्कूल संचालक और प्रधानाचार्य की गला दबाकर हत्या की थी। दोनों के शव स्कूल परिसर में ही गाड़ दिए थे। पुलिस ने दोनों के शवों को बरामद कर लिया है।पुलिस का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक की जांच में लेनदेन का मामला सामने आया है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।