
पकड़े गए सरगना का नाम एंड्रयू डेनियल (31) है, जो नाइजीरिया का रहने वाला है। जांच में पता चला है कि एंड्रयू डेनियल मीडिया का कोर्स करने के लिए स्टूडेंट वीजा पर 2011 में मुंबई आया था। यहां उसका संपर्क जालसाजों से हुआ।
वर्ष 2015 में स्टूडेंट वीजा का अवधि समाप्त होने पर एंड्रयू डेनियल ठिकाने बदल बदलकर रहने लगा। 2018 में उसने आगरा के व्यापारी अवध नारायण त्रिपाठी को घोड़ों की शक्तिवर्द्धक दवा के कारोबार में अधिक मुनाफा होने का लालच देकर फंसाया।
दवा के कारोबार के नाम पर अवध नारायण त्रिपाठी से करीब 30 लाख रुपये की ठगी की गई थी। उन्होंने अक्टूबर में हरीपर्वत थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आईजी आगरा रेंज ए. सतीश गणेश ने साइबर क्राइम यूनिट को जांच के निर्देश दिए थे।
सोमवार को आगरा पुलिस की टीम ने गुरुग्राम के आरोपी एंड्रयू डेनियल को गिरफ्तार कर लिया। वो यहां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक मकान में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप, मोबाइल व अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सरगना को आगरा लाया जा रहा है। इस गिरोह के तार राजस्थान, मुंबई, दिल्ली एनसीआर में फैले हुए हैं। उससे पूछताछ की जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी आगरा का एक और व्यापारी से इसी तरह से ठगी हुई थी।