नागरिकता संशोधन कानून 2019 को लेकर आगरा AGRA में कहीं कोई उपद्रव नहीं हुआ। उसके बावजूद जिला प्रशासन ने शुक्रवार से इंटरनेट सेवा बंद करा दी थी। एक-एक दिन की अवधि बढ़ाते हुए लगभग 98 घंटे बाद सोमवार शाम करीब सात बजे इंटरनेट सेवा बहाल हुई।
आगरा में अमन चैन कायम रहने के बावजूद फूंक फूंककर कदम रख रहे पुलिस अफसरों ने एहतियात बरतते हुए इंटरनेट सेवा को 98 घंटे बंद रखने के बाद सोमवार शाम को फिर चालू करा दिया। इसी के साथ साइबर सेल ने व्हाट्स एप ग्रुप, फेसबुक पर नजरें गढ़ा दी हैं।
आगरा में इंटरनेट सेवा को 19 दिसंबर की रात 12 बजे बंद कर दिया गया था। यह पहला मौका है जब इंटरनेट को इतने लंबे समय के लिए बंद रखा गया है। पुलिस अफसरों ने रविवार को कहा था कि इसे सोमवार दोपहर को 12 बजे शुरु कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं किया गया। शाम तक यह बंद ही रहा।
इधर 98 घंटे तक आगरा में ओला, उबर, जोेमेटो, स्विगी, पेटीएम, फास्टैग जैसी सुविधाएं ठप रहीं। ऐसे में लोगों को लगने लगा कि जिंदगी जैसे 20 साल पहले लौट गई हो। शुरूआत में एक-दो दिन तो इंतजार आसानी से कर लिया लेकिन अब सब्र का पैमाना छलकने लगा था।
छह बजे चालू होते ही लोगों के मोबाइल में मैसेज की लाइन लग गई। इंटरनेट बंद होने से पुलिस को भी परेशानी हो रही थी। अफसर अधीनस्थों को व्हाट्स एप पर निर्देश नहीं दे पा रहे थे। हर काम के लिए फोन करना पड़ रहा था। पुलिस ने लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए जो व्हाट्स एप ग्रुप बनाए हैं, वे भी शांत पड़े थे। अब उनमें शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।