Agra आगरा में जानलेवा हमले के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत युवक ने शनिवार को एसएसपी दफ्तर SSP Office के सामने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। उसने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी बिहार निवासी सतेंद्र जादौन ऑटो चलाता है। शनिवार करीब 12 बजे वो एसएसपी दफ्तर पहुंचा। उसके हाथ में केरोसिन से भरा डिब्बा था। एसएसपी दफ्तर के सामने सतेंद्र ने अपने ऊपर केरोसिन डाल लिया।
इसके बाद खुद को आग लगाने का प्रयास किया। यह देख वहां हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर सतेंद्र को पकड़ा और केरोसिन का डिब्बा छीना। इसके बाद उसे नहलाया गया। उसने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सतेंद्र का कहना है कि उसने तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी उससे हर महीने एक हजार रुपये चौथ मांग रहे थे। चौथ नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है।
सतेंद्र का आरोप है कि पुलिस वाले एक-एक लाख रुपए में बिक गए हैं। जब भी वो शिकायत लेकर जाता है उसे टरका देते हैं। पुलिस अफसरों से भी उसने गुहार लगाई, लेकिन कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने ऐसा कदम उठाया।