कोरोना वायरस Coronavirus 冠状病毒 के असर को देखते हुए आगरा के मेयर Agra mayor व बीजेपी नेता नवीन जैन ने ताजमहल Taj Mahal सहित शहर के अन्य स्मारकों को बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जबतक इस वायरस पर नियंत्रण नहीं कर लिया जाता, तबतक के लिए ताजमहल को बंद कर देना चाहिए। ताजमहल का दीदार करने के लिए प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। हालांकि आगरा में कोरोना वायरस के छह मरीज मिलने के बाद से यहां के पर्यटन पर बुरा असर पड़ा है। लोग अभी आगरा आने से बच रहे हैं। इस कारण होटलों की बुकिंग भी बड़ी संख्या में रद्द हुई है। मेयर नवीन जैन ने आगरा के जिलाधिकारी से सभी स्कूलों को बंद करने के लिए भी बात की है।
मेयर जैन का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी सलाह दी है कि भीड़ इकट्ठा करने से बचना चाहिए। ऐसे में ताजमहल सहित शहर के अन्य स्मारकों को बंद कर देना चाहिए क्योंकि इन जगहों पर बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसके साथ ही मेयर ने चीन में बने रंगों और गुलाल से परहेज करने की भी सलाह दी है। मेयर नवीन जैन ने कहा कि इटली और चीन समेत कई देशों के पर्यटकों को संदेह की नजर से देखा जा रहा है। स्मारकों में भीड़भाड़ सबसे ज्यादा है, जहां दुनिया भर के पर्यटक पहुंच रहे हैं। इनसे संक्रमण का खतरा ज्यादा है। उन्होंने शहर के होने वाले प्रमुख होली मिलन समारोह को रद्द करने की सूचना भी दी है। नवीन जैन आगरा के मेयर होने के साथ ही अखिल भारतीय महापौर परिषद के अध्यक्ष भी हैं।
आगरा के छह लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। ये सभी दिल्ली एक कोरोना वायरस मरीज के रिश्तेदार हैं। इन सभी का दिल्ली में इलाज चल रहा है और सबको आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। बताया जा रहा है कि इनकी स्थिति में सुधार आ रहा है। वहीं गुरुवार को भेजे गए शहर के 16 लोगों के सैंपल निगेटिव आए हैं।