लॉकडाउन ( Lockdown) में प्रवासी मजदूरों की घर वापसी को लेकर राजनीति तेज हो गई है। मंगलवार को राजस्थान बॉर्डर पर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के नजदीक कांग्रेस (Congress) प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) सहित कई नेताओं को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
फतेहपुरसीकरी में राजस्थान सीमा पर लगे चौमा शाहपुर पर मंगलवार शाम को जबरदस्त गहमागहमी रही। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ( Priyanka Gandhi Vadra ) की पहल पर राजस्थान बॉर्डर पर प्रवासी मजदूरों के लिए भेजी गई बसों को रोके जाने की सूचना के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप माथुर के साथ दोपहर को राजस्थान बॉर्डर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें राजस्थान सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) राजस्थान सीमा पर ही धरने पर बैठ गए तो पुलिस ने 10 कांग्रेसियों पर लॉकडाउन तोड़ रोड जाम करने पर केस दर्ज कर उन्हें और प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप माथुर को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण (पश्चिम) आगरा रवि कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार अंतरराज्यीय बस चलाने के लिए आवेदन करना होता है। इसके बाद पास जारी किया जाता है और अनुमति दी जाती है। कांग्रेस नेताओं ने आवेदन नहीं किया था। पास न होने पर उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) के साथ आई तीन गाड़ियों को वापस आगरा भेजने के लिए पुलिस पीछे आई। प्रदेश अध्यक्ष टोल प्लाजा से चकमा देकर मंडी मिर्जा खां होते हुए बॉर्डर पर जाने की कोशिश में थे, लेकिन रास्ते में इंस्पेक्टर राजकमल बालियान ने उन्हें रोक लिया।
आगरा के एसपी देहात रवि कुमार के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी को निकलने दिया गया, जबकि दो गाड़ियों को वापस भेज दिया गया। शाम को पुलिस ने अजय कुमार लल्लू और प्रदीप माथुर सहित कई नेताओं को पांच लोगोंं को गिरफ्तार कर आगरा भेज दिया गया। पुलिस कांग्रेस नेताओं को आगरा ले आयी है। उधर, कांग्रेस की बसों को यूपी में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है।इसके साथ ही प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह और यूपी कांग्रेस चीफ अजय कुमार लल्लू के खिलाफ लखनऊ स्थित हजरतगंज थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।