आगरा में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का ग्राफ लगातार ऊपर बढ़ रहा है।स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। COVID+ve का आंकड़ा अब 927 पहुंच गया है।शहर के प्रमुख न्यूरो सर्जन डॉक्टर आर. सी. मिश्रा कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित पाए गए हैं । अब मृतक संख्या 45 हो गई है। बुधवार को आठ नये मामलों की पुष्टि के बाद अब कुल संक्रमितों की संख्या 927 हो चुकी है।
शहर के नामी न्यूरो सर्जन डॉक्टर आर. सी. मिश्रा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव( COVID+ve) आई है। आगरा-दिल्ली हाईवे स्थित रेनबो हॉस्पिटल ( Rainbow Hospitals) में ये प्रैक्टिस कर रहे थे। लॉकडाउन के दौरान प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. आरसी मिश्र कोरोना योद्धा बनकर सामने आए। दहशत-भय से परे अपने चिकित्सीय दायित्व का निर्वाह करते हुए कई गंभीर मरीजों का उपचार किया लेकिन इस दौरान वह खुद भी कोरोना पॉजिटिव हो गए।
प्रमुख न्यूरो सर्जन के पॉजिटिव आने से आगरा स्वास्थ्य महकमे में भी हड़कंप मच गया है। आगरा ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों से मरीज वरिष्ठ न्यूरो सर्जन से इलाज कराने अस्पताल आते हैं। जिला प्रशासन ने सिकंदरा स्थित रेनबो हॉस्पिटल में अगले 48 घंटे तक मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी है।
न्यूरो सर्जन डा.मिश्र के मुताबिक- स्पाइनल सर्जरी का एक गंभीर मरीज तीन दिन पहले आया। उसका कोविड टेस्ट कराया गया लेकिन रिपोर्ट आऩे से पहले ही उसकी हालत खराब होने लगी, तो बिना समय गंवाए अपने कर्तव्य का निर्वाह किया। ऑपरेशन किया। बाद में वह मरीज कोरोना संक्रमित निकला, तो अपनी जांच कराई और खुद को क्वारंटाइन कर लिया। देर शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे अस्पताल को सेनेटाइज करने के बाद सेकंड फ्लोर को सील कर दिया।। साथ ही चार चिकित्सकों समेत 22 अन्य को अस्पताल में ही क्वारंटाइन कराया।
बुधवार को एक और मरीज की मौत हो गई। आगरा में कोरोना से मरने वालों की संख्या 45 तक पहुंच गई है। वहीं, बुधवार को आठ और संक्रमित मिलने से कुल संख्या 927हो गई।
62 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति निमोनिया की शिकायत पर एसएनएमसी में भर्ती कराया गया था।जांच में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं, बुधवार को मिले आठ संक्रमितों में मंगल विहार कालोनी शाहगंज, विद्या नगर, बोदला रोड, शाहगंज, प्रकाशपुरम, टेढ़ी बगिया, सिरकी मंडी, लोहामंडी, रसूलपुर, खंदारी, नगलापदी और गुरु तेगबहादुर कॉलोनी गुरु का ताल के लोग हैं।
थाना शाहगंज का 25 साल के एक पुलिसकर्मी में कोरोना की ( COVID+ve) पुष्टि हुई है। वहीं, पेट में दर्द होने पर सेवला निवासी 30 साल की महिला ने चेकअप कराया। अल्ट्रासाउंड में पित्त की थैली में पथरी होने पर डॉक्टर ने आपरेशन के लिए कहा। जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। नौ महीने की गर्भवती 29 साल की जगनेर निवासी महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भगवान नगर क्षेत्र निवासी 40 साल के मरीज को गले में समस्या हो रही थी, जांच में कोरोना पॉजिटिव आया है। सांस लेने में परेशानी होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती की गई 61 साल की खंदौली निवासी महिला मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां 50 साल के नोर्थ ईदगाह निवासी मरीज को सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती किया गया था। इनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। तेज बुखार आने पर जगदीशपुरा निवासी 32 साल के मरीज को एसएन इमरजेंसी में भर्ती किया गया। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आइ है। वहीं, गोपालपुरा सदर निवासी 69 साल के मरीज को एसएन इमरजेंसी में भर्ती किया गया था। इनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव है।10 साल की नई आबादी निवासी बालिका की निजी लैब में जांच कराई गई। इसमें कोरोना की पुष्टि हुई है।