झारखंड( Jharkhand ) में रांची के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS Ranchi ) के निदेशक के आलीशान बंगले में चारा घोटाले में सजायाफ्ता कैदी लालू प्रसाद यादव ( Lalu Prasad Yadav )सजा काट रहे है, रिम्स के निदेशक पद्मश्री डॉ कामेश्वर प्रसाद गेस्ट हाउस में रह रहे हैं ।रिम्स के इतिहास में यह पहली बार है जब स्थायी निदेशक पदभार लेने के बाद भी बंगले में नहीं रह पा रहे हैं।
लालू प्रसाद यादव पर चारा घोटाला के 5 मामले चल रहे हैं। इसमें से चार मामलों में उन्हें सजा हो चुकी है और एक मामला अभी लंबित है। पांच मामलों में डोरंडा कोषागार का एक, देवघर कोषागार का एक, चाईबासा कोषागार के दो, और दुमका कोषागार का एक मामला है। डोरंडा कोषागार का मामला अभी लंबित है। उन्होंने दुमका मामले में हाई कोर्ट से जमानत मांगी है। इसी मामले में 27 नवंबर को हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है।
सजायाफ्ता कैदी लालू प्रसाद यादव प्रमुख लालू यादव के रांची के रिम्स अस्पताल(RIMS Ranchi ) के निदेशक के केली बंगले में रहने पर भाजपा ने सवाल उठाया है। झारखंड भाजपा ने सवाल पूछते हुए कहा कि रिम्स के नए निदेशक कार्य संभालने के बाद गेस्ट हाउस में रह रहे हैं, लेकिन चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव निदेशक बंगले में क्यों रहे हैं? भाजपा ने कहा कि अब लालू यादव को वापस जेल भेजना चाहिए।
रविवार को रिम्स अस्पताल(RIMS Ranchi )में पद्मश्री डॉ. कामेश्वर प्रसाद (Dr. Kameshwar Prasad )ने निदेशक के रूप में पद संभाला। जिसके बाद वह स्टेट गेस्ट हाउस में रहने चले गए। जिसे लेकर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह विडंबना है कि अस्पताल का निदेशक गेस्ट हाउस में रह रहा है और कैदी उनके बंगले में अच्छे-से रह रहा है। उन्होंने सवाल किया कि गेस्ट हाउस का एक दिन का किराया 800 रुपये है। सरकार एक आरोपी के लिए सार्वजनिक धनराशि क्यों खर्च कर रही है?
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पूछा कि ‘जेल की सजा काट रहे एक आरोपी केली में क्यों रह रहा है? उन्होंने कहा कि अगस्त में कोरोना वायरस के मामले में तेजी आई थी, तब लालू यादव को वाॅर्ड से शिफ्ट कर दिया गया था। अब कोरोना के मामलों में कमी आ गई है और कैदी को निर्देशक के बंगले से जेल भेजा जाना चाहिए।
झारखंड जेल के प्रभारी महानिरीक्षक ने कहा कि लालू यादव को शिफ्ट करने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं आया है। कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा।
रिम्स ने हाल के दिनों में झारखंड उच्च न्यायालय को लिखित रूप में लालू की स्वास्थ्य स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया है, जो चारा घोटाला मामलों की निगरानी कर रहा था। बता दें कि लालू यादव को 2018 में रिम्स अस्पातल में भर्ती किया गया था। चार महीने पहले उनको रिम्स निदेशक के केली के बंगले में शिफ्ट किया गया था। हाल में ही लालू यादव ने झारखंड हाईकोर्ट में जमानत की अर्जी दी थी। जिस पर छह नवंबर को सुनवाई होनी थी, लेकिन झारखंड उच्च न्यायालय ने सुनवाई को 27 नवंबर तक के लिए टाल दिया है।