कोरोना का कहर आज भी जारी रहा जहां पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह इसकी चपेट आ गये, वही देश के जाने -माने लोगों , विधायक, पूर्व सांसद ,कवि, लोक गायिका की जान कोरोना ( Covid-19 ) ले ली है।एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 20 लाख के पार हो गया है।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive ) हो गए हैं। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बता दें कि मनमोहन सिंह ने देश में कोविड-19 के हालात से निपटने के लिए रविवार को ही पांच उपाय सुझाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था और इस बात पर जोर दिया था कि महामारी से मुकाबले के लिए टीकाकरण तथा दवाओं की आपूर्ति बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा।
आज बिहार (Bihar ) के पूर्व शिक्षा मंत्री और जदयू विधायक मेवालाल चौधरी की मौत हो गई। पटना के पारस अस्पताल में आज सुबह 4 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। वह 65 साल के थे। मेवालाल चौधरी तारापुर से विधायक थे। पिछले दिनों सांस लेने में तकलीफ होने की उन्होंने शिकायत की। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद वह कोरोना संक्रमित ( Covid-19 )निकले। सोमवार की सुबह उनका निधन हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने यह जानकारी दी।
पिछले चालीस वर्षों से आकाशवाणी पर गूंजने वाली पारम्परिक संस्कार गीतों की आवाज वरिष्ठ लोकगायिका आरती पाण्डेय का रविवार सुबह निधन हो गया। कोरोना वैक्सीन लेने के बाद से वे बीमार थीं। बैकुण्ठधाम में उनका अन्तिम संस्कार हुआ। बड़े बेटे आशीष ने मुखाग्नि दी। 73 वर्षीय श्रीमती पाण्डेय अपने पीछे तीन पुत्र, पुत्रवधु, पौत्र व पौत्रियों से भरा पूरा परिवार छोड़ गयी हैं।

हास्य कवि कमलेश द्विवेदी का कोरोना ( Covid-19 )संक्रमण के चलते निधन हो गया। उनके निधन पर कवियों व व्यंग्यकारों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। वे अपने पीछे एक बेटा व पत्नी को छोड़ गए हैं। ‘रंगभारती’ के अध्यक्ष श्याम कुमार ने बताया कि विगत पहली अप्रैल को हुए ‘घोंघा बसंत सम्मेलन’ में जब कमलेश द्विवेदी आए थे तो कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि एक पखवारा बीतते-बीतते कोरोना उन्हें हमसे छीन लेगा।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) नेता एवं पूर्व सांसद जगदीश राणा का सोमवार रात करीब सवा आठ बजे निधन हो गया। 67 वर्षीय जगदीश राणा की कोविड -19 ( Covid-19 )जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। करीब 12 दिन से उनका फरीदाबाद स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना से परिवार और उनके परिचितों में शोक छा गया।
देश में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 20 लाख के पार हो गया है। एक्टिव मरीज वो हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है। दूसरी ओर भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा भी रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। इस तरह से अभी 19 लाख 23 हजार 877 एक्टिव केस यानी ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
देश में बिगड़ते हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच, 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब हर 10 लाख की आबादी में 11 हजार लोग संक्रमित मिल रहे हैं, जबकि 129 लोग जान गंवा रहे हैं।