बिहार (Bihar ) के नालंदा ( Nalanda) में जमीन विवाद में दिनदहाड़े छह लोगों की गोली मारकर कर दी गई। तीन की हालत गंभीर है। घटना राजगीर अनुमंडल अंतर्गत छबीलापुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव की है। बुधवार दोपहर जमीन विवाद में दो पक्षों में लड़ाई हुई, जो देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया। एक ओर से करीब 4 दर्जन बदमाश ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। फायरिग में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से एक की इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पिता व दो पुत्र हैं।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। नालंदा ( Nalanda)पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आ रही हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में पुलिस टीम को तैनात कर दिया गया है। वहीं, परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद में सुबह 9 बजे से ही गोलियां चल रही थी। पुलिस को इस मामले की जानकारी भी दी गई, लेकिन वह घटना के बाद पहुंची।
परिजनों का आरोप कि नालंदा ( Nalanda)पुलिस अगर सुबह पहुंच कर बदमाशों को रोक लेती तो आज एक की मौत नहीं होती। ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि 50 बीघा जमीन का मामला कोर्ट में चल रहा है। बुधवार सुबह गांव के देवी स्थान के पास महेंद्र यादव व राजेश्वर यादव अपने बेटों के साथ ट्रैक्टर लेकर इसी जमीन की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान परशुराम यादव अपने बेटे, भाई और भतीजों के साथ विरोध करने गए। तभी अचानक करीब 4 दर्जन बदमाश हथियार से लैश होकर आ गए।
परशुराम यादव और उनके परिवार के साथ हाथापाई करने लगे। इन लोगों ने जब विरोध किया तो बदमाश अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इसमें 9 लोगों को गोली लगी है, जिसमें 6 की मौत हो गई और 3 व्यक्ति घायल हैं।
मृतकों में लोदीपुर निवासी 60 वर्षीय यदु यादव, उनका 30 वर्षीय पुत्र पिंटू यादव व 25 वर्षीय मधेश यादव, 50 वर्षीय धीरेन्द्र यादव तथा 40 वर्षीय शिवल यादव हैं। घायल 45 वर्षीय वीरेंद्र प्रभाकर उर्फ बिंदा यादव की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में भर्ती कराया गया। फायरिंग में मारे गए वीरेंद्र प्रभाकर उर्फ बिंदा के पुत्र अतुल प्रभाकर को दाएं पैर में गोली लगी है। वहीं इंदु यादव के सिर में गहरी चोट है। दोनों को रेफर कर दिया गया है।