उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh) के प्रतापगढ़ ( Pratapgarh )जिले के सांगीपुर में गरीब कल्याण मेले के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मौके पर पहुंचे प्रतापगढ़ के भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता( BJP MP Sangam Lal Gupta ) के भी ऊपर हमला किया गया और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह उन्हें हमलावरों के चंगुल से बाहर निकाला। हमलावरों ने उनकी गाड़ी और काफिले में शामिल आधा दर्जन से अधिक वाहनों को लाठी, डंडे और ईंट-पत्थर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सांसद के ऊपर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथपांव फूल गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। इस दौरान एक इंस्पेक्टर पर भी हमले की सूचना है।
प्रतापगढ़ के सांगीपुर ब्लॉक में शनिवार को गरीब कल्याण मेले का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता( BJP MP Sangam Lal Gupta ) की कई गाड़ियों को पथराव और लाठी-डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मौके पर हड़कंप मच रहा। कार्यक्रम में आए लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। घटना को लेकर घंटों अफरा-तफरी मची रही।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी और उनकी बेटी और कांग्रेस की विधायक आराधना मिश्रा मोना मौजूद थीं। इसी बीच भाजपा के सांसद संगम लाल गुप्ता भी अपनी कई गाड़ियों के काफिले के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थक एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू होने लगी और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे से उलझ गए। कुछ ही देर में जमकर मारपीट शुरु हो गई। कांग्रेसियों की संख्या अधिक होने के कारण भाजपाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
सांगीपुर ब्लाक पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, रामपुर खास की कांग्रेस विधायक अराधना मिश्रा मोना सहित भाजपा के सांसद संगमलाल गुप्ता ( BJP MP Sangam Lal Gupta )आमंत्रित थे। आरोप है कि भाजपा सांसद के पहुंचते ही वहां भाजपा के लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों ने कड़े सुरक्षा घेरे के बीच भाजपा सांसद को भीड़ से बाहर निकाला। भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दुर्व्यहार का आरोप लगाया। उनका कहना था की कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के लोगों पर जानलेवा हमला किया। उनके कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव( Akhilesh Yadav) ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जिस तरह से हिंसा को बढ़ावा दिया गया है उसका खामियाजा उनके ही सांसद व विधायकों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा सरकार में जिस तरह सरेआम हिंसा को प्रोत्साहन-संरक्षण दिया गया, उसका ख़ामियाज़ा आज उसके ही सांसदों-विधायकों को भुगतना पड़ रहा है। ये अपने जनप्रतिनिधियों तक को संरक्षण नहीं दे पा रही है।उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था फरार है। जनआक्रोश का हिंसक होना अच्छा नहीं होता।
भाजपा सरकार में जिस तरह सरेआम हिंसा को प्रोत्साहन-संरक्षण दिया गया, उसका ख़ामियाज़ा आज उसके ही सांसदों-विधायकों को भुगतना पड़ रहा है। ये अपने जनप्रतिनिधियों तक को संरक्षण नहीं दे पा रही है।
उप्र भाजपा सरकार में क़ानून-व्यवस्था फ़रार है।
जनआक्रोश का हिंसक होना अच्छा नहीं होता। pic.twitter.com/0p25LDNEQz
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 25, 2021