दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( AIIMS) की महिला डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर पर बर्थडे पार्टी के दौरान रेप करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार है।
हौजखास पुलिस के मुताबिक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( AIIMS) पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि वह अपने एक साथी के बर्थडे पार्टी में आरोपी डॉक्टर के घर गई थी। इसी दौरान सीनियर डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना 10 अक्टूबर की है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पीड़ित महिला डॉक्टर के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एम्स ( AIIMS)के लैब मेडिसन विभाग में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर है। वह परिवार के साथ हौजखास इलाके में रहता है। पीड़िता भी एम्स में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी डॉक्टर ने 10 अक्टूबर को अपने घर पर पार्टी दी थी।
आरोप है कि पार्टी में शराब भी परोसी गई थी। यहां पीड़िता को भी जबरदस्ती शराब पिलाई गई। नशे के हाल मे वह डॉक्टर के घर पर ही रुक गई। इसी दौरान आरोपी डॉक्टर ने वारदात को अंजाम दिया। अगले दिन जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी डॉक्टर ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद महिला ने केस दर्ज कराया।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल ऐक्शन लेते हुए आरोपी एम्स ( AIIMS) डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया। मामले में हौजखास पुलिस अस्पताल से एमएलसी लेने के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली जा रही है। आरोपी डॉक्टर को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।