केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ( Amit Shah) शनिवार को कैराना ( Kairana )पहुंचे। उन्होंने यहां पलायन वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की। उनसे पूछा कि अब उन्हें कोई तकलीफ तो नहीं है? गृह मंत्री बनने के बाद शाह का यह पहला कैराना दौरा है।
सुबह से ही हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां शामली के कैराना पहुंचे।शाह ने संकरी गलियों में घर-घर पहुंचकर लोगों को पर्चा दिया। उनके साथ अनेक मुस्लिम कार्यकर्ता भी नजर आए। कई कार्यकर्ताओं ने शाह के साथ सेल्फी भी ली।
अमित शाह ने कैराना ( Kairana )में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की नई लहर दिखाई दे रही है। गरीब के घर में गैस, बिजली, आयुष्मान भारत योजना का कार्ड, हर व्यक्ति को कोरोना का टीका ये सारी योजनाएं अच्छे से लागू की गई हैं। यही कैराना है जहां पहले लोग पलायन करते थे। आज लोग कह रहे हैं कि पलायन करने वाले पलायन कर गए। यानी अब उन्हें कोई भय नहीं है। वे आत्मविश्वास से भरे हैं। शाह ने कहा कि एक जाति के लिए काम करने वाली सरकारों की प्रथा बंद करना है।
शाह के साथ कैराना ( Kairana )में भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह भी नजर आईं। वे यहां से कैंडिडेट हैं। मृगांका हुकूम सिंह की बेटी हैं। हुकुम सिंह वही सांसद हैं, जिन्होंने सबसे पहले कैराना से हिन्दुओं के पलायन का मुद्दा उठाया था। बाद में यह देश भर की मीडिया की सुर्खियों में रहा। कैराना भाजपा के लिए कितना अहम है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महीने भर पहले योगी आदित्यनाथ भी वहां गए थे।
योगी ने भी वहां पलायन के बाद लौटकर आए परिवारों से मुलाकात की थी। अक्टूबर 2021 में जब शाह लखनऊ आए थे तो उन्होंने भी कहा था कि पलायन करने वाले पलायन कर गए। शाह ने उसी दौरान ये इशारा कर दिया था कि कैराना चुनाव में भी याद किया जाएगा।
शामली के बाद मेरठ पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को निशाना बनाया। उन्होंने अखिलेश की सरकार के बाद योगी आदित्यनाथ की सरकार में क्राइम के आंकड़ों में आए बड़े अंतर को पश्चिमी यूपी की जनता के सामने रखा। इस दौरान उन्होंने जनता को आंकड़ें पढ़कर सुनाए तो हॉल तालियों से गूंज उठा।
अमित शाह ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि 2016 की अपेक्षा 2020 में डकैती में 70 प्रतिशत, लूट में 69 प्रतिशत, हत्या में 32 फीसदी, अपहरण में 35 प्रतिशत की कटौती हुई है। वहीं दहेज के मामलों में 22 फीसदी की कटौती हुई। शाह ने बताया कि दुष्कर्म के मामलों में 25 फीसदी की कटौती हुई। इसके बाद उन्होंने कहा कि जो आंकड़ें मैंने पश्चिमी यूपी की जनता के सामने रखे हैं, अखिलेश बाबू इनका जवाब आपको देना होगा।
वहीं उन्होंने कहा कि लगभग 1866 करोड़ रुपये की संपत्ति माफिया से जब्त कराकर सरकार ने जनता के सामने लाई। इससे पहले होटल गॉडविन में इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह का जोरदार स्वागत किया।
अमित शाह मेरठ शहर, कैंट, और मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट के प्रबुद्ध वर्ग के 200 लोगों के साथ संवाद कर रहे हैं। संवाद में शिक्षक, इंजीनियर, डॉक्टर, उद्यमी, व्यापारी आदि बुलाए गए हैं। शाह हेलिकॉप्टर से परतापुर हवाई पट्टी पर पहुंचे। इसके बाद कार से गॉडविन होटल पहुंचे।
Union Home Minister Amit Shah holds door-to-door campaigning in Kairana ahead of upcoming #UttarPradeshElections2022 pic.twitter.com/PUeKh2XNDX
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 22, 2022