मध्यप्रदेश ( Madhya Pradesh ) के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुराने वीडियो में छेड़छाड़ कर वायरल करने वाले आरोपी परवेज इकबाल( Parvez Iqbal ) को भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुंबई ( Mumbai) से गिरफ्तार किया है। भोपाल क्राइम ने उसे दो दिन के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।आरोपी परवेज इकबाल मुंबई का रहने वाला है। आरोपी ने मुख्यमंत्री को दारूबाज मुख्यमंत्री समेत अन्य आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया था। बता दें कि इकबाल परवेज ने “Sach Sabse Tez ” नाम के यूट्यूब चैनल में ” ये क्या बोल रहे हैं बीजेपी के मुख्यमंत्री ” नाम से वीडियो शेयर किया था।
मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में नई आबकारी नीति को स्वीकृति दी है। इसमें शराब के लाइसेंस को लेकर कई तरह की छूट दी गई है। इसे लेकर मुंबई के परवेज इकबाल ( Parvez Iqbal ) ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुराने वीडियो को एडिट कर यूट्यूब पर वायरल किया था। इसमें मुख्यमंत्री को दारुबाज मुख्यमंत्री समेत कई आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया था। इस मामले में क्राइम ब्रांच को भाजपा के पदाधिकारी ने शिकायत की थी। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम ब्रांच डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि मुंबई से परवेज इकबाल ( Parvez Iqbal ) नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। उसे भोपाल लाया गया है। उसने सीएम शिवराज सिंह के बयानों के वीडियो को एडिट कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप है। आरोपी ने यह वीडियो यू-ट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म में वायरल किया था। डीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी मिली कि इकबाल पूर्व में पत्रकार रहे चुके हैंं। अब वह खुद के यूट्यूब चैनल में वीडियो शेयर करता है।
वीडियो में सीएम शिवराज का एक पुराना वीडियो तोड़-मरोड़कर दिखाया गया था। बताया गया है कि आरोपी इकबाल बिहार का रहने वाला है। पिछले 15 साल से मुंबई में काम कर रहा था। यूट्यूब चैनल शुरू करने से पहले इकबाल ने एक एंटरटेनमेंट पोर्टल संग भी काम कर रखा है।
