आगरा ( AGRA) जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में फिर से ‘कमल’ खिला है। गुरुवार को आए चुनाव नतीजों में भाजपा(BJP) ने पिछला प्रदर्शन दोहराते हुए सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। मतगणना स्थल से लेकर शहर तक ढोल की थाप पर डांस किया। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
आगरा दक्षिण सीट पर भाजपा ( BJP ) प्रत्याशी योगेंद्र उपाध्याय ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल करके हैट्रिक बनाई। उन्होंने सपा के विनय अग्रवाल को 56,622 मतों से हराया। बसपा के रवि भारद्वाज यहां तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस समेत अन्य सात प्रत्याशी जमानत भी नहीं बचा सके।
आगरा उत्तर विधानसभा सीट पर 37 वर्षों से कमल खिल रहा है। भाजपा( BJP ) को इस सीट पर लगातार 12 वें चुनाव में जीत मिली है। इस सीट से पहली बार वर्ष 1985 में सत्यप्रकाश विकल ने जीत का परचम लहराया था। वह लगातार पांच चुनाव जीते। इसके बाद 1998 में जगन प्रसाद गर्ग उप चुनाव जीते। वह भी इस सीट से पांच बार चुनाव जीते। वर्ष 2019 में उप चुनाव में पुरुषोत्तम खंडेलवाल को जीत मिली। अब वर्ष 2022 के चुनाव में मतदाताओं ने फिर उनमें विश्वास जताया है।
आगरा ग्रामीण से पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य का झंडा बुलंद रहा। लोगों ने उन्हें 1.36 लाख से अधिक वोट देकर जीत की रानी बना दिया। उन्होंने बसपा की किरनप्रभा केसरी को 76,188 मतों से हराया। मौर्य पहली बार विधायक बनी हैं। इससे पहले वह आगरा की मेयर रह चुकी हैं।
आगरा छावनी (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने कब्जा बरकरार रखा है। उन्होंने सपा के कुंवरचंद वकील को 48,471 वोटों से हराया। बसपा के डॉ. भारतेंदु अरुण तीसरे स्थान पर रहे। छावनी की सुरक्षित सीट पर डॉ. जीएस धर्मेश सहित 10 प्रत्याशी मैदान में थे।
एत्मादपुर विधानसभा से भाजपा के डॉ.धर्मपाल सिंह 48,249 वोटों से विजयी हुए हैं।बसपा के प्रबल प्रताप सिंह को 47,859 वोटों से हराया। धर्मपाल दयालबाग सीट से जनमोर्चा की टिकट पर वर्ष 2007 में पहली बार विधान सभा पहुंचे थे।
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल 47011 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। बाबूलाल को 111519 वोट मिले हैं। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रालोद सपा गठबंधन के प्रत्याशी ब्रजेश चाहर को 64508 मत प्राप्त हुए। इस तरह चौधरी बाबूलाल ने सपा गठबंधन को 47011 मतों से हरा दिया।
बाह विधानसभा सीट पर राजघराने का कब्जा बरकरार रहा। भदावर राजघराने की रानी पक्षालिका सिंह लगातार दूसरी बार भगवा फहराने में कामयाब रहीं। उन्होंने सपा के मधुसूदन शर्मा को 24,235 वोटों से हराया। 18 चुनाव में यह 12 वां मौका है जब राजघराने के सदस्य बाह विधानसभा के प्रतिनिधि चुने गए हैं। बसपा प्रत्याशी नितिन वर्मा को तीसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा। बसपा इस सीट पर पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी।
फतेहाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा ने एक बार फिर जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी छोटे लाल वर्मा ने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी रूपाली दीक्षित को हराकर जीत गए हैं। छोटेलाल को 108577 वोट मिले है, जबकि रूपाली दीक्षित को 55185 ही मत प्राप्त कर सकीं।
खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में रामनाथ सिकरवार पर भगवान सिंह भारी पड़े। एकतरफा मुकाबले में यहां भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह ने कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को 36128 वोट से हराकर कमल खिलाया है। बसपा यहां तीसरे स्थान पर रही। रालोद-सपा गठबंधन सहित नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।
खेरागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व फौजी रामनाथ सिंह सिकरवार ने भाजपा प्रत्याशी को कांटे की टक्कर दी। वह मतगणना में भाजपा प्रत्याशी को पहले राउंड से ही चुनौती देने लगे। उन्होंने 29.27 फीसदी मत प्राप्त किए। उन्हें 60 हजार से ज्यादा वोट मिले। रामनाथ ने पहली दफा चुनाव लड़ा था मगर उनके प्रदर्शन ने सबको चौंका दिया।