बिहार (Bihar ) के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar ) की सुरक्षा में रविवार को बड़ी चूक देखने को मिली। उनके पैतृक शहर पटना जिले के बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान युवक ने पीछे से आकर मुख्यमंत्री को मुक्का जड़ दिया। सीएम की सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया है। युवक की पहचान बख्तियारपुर के शंकर के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar ) 2 दिवसीय निजी दौरे पर बाढ़ लोकसभा क्षेत्र के भ्रमण पर हैं। यहां वे अपने पुराने सहयोगियों से मिल रहे हैं। शाम को सीएम बख्तियारपुर में शीलभद्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे। तभी भीड़ से निकलकर शंकर सिक्योरिटी गार्ड के सामने से होकर मंच पर पहुंचा और पीछे से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला कर दिया। वहीं, इस मामले पर बिहार पुलिस मुख्यालय ने जांच का आदेश दिया है। इस मामले में जो भी पुलिस अफसर दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar ) ने अपने ऊपर हमला का प्रयास करने वाले युवक पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिस युवक ने यह कोशिश की वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। अधिकारी उसकी समस्या को सुलझाने में मदद करें।
घटना के बाद एक क्षण के लिए मुख्यमंत्री घबरा गए। हालांकि तुरंत उन्होंने खुद को संभाला। उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को पीटना चाहा तो मुख्यमंत्री ने मना कर दिया। पुलिस फिलहाल युवक से बख्तियारपुर थाने में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक सोने-चांदी की दुकान पर काम करता है। पत्नी ने उसका साथ छोड़ दिया है। इस कारण भी वह परेशान रहता है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar ) पर यह पहली बार हमला नहीं हुआ है। 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी सीएम नीतीश पर हमला हुआ था। नीतीश कुमार जब मधुबनी के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे थे। नीतीश रैली को संबोधित कर रहे थे तभी उनके ऊपर प्याज और पत्थर का टुकड़ा फेंका गया था।
Bihar | A youth tried to attack CM Nitish Kumar during a program in Bakhtiarpur. The accused was later detained by the Police.
(Viral video) pic.twitter.com/FoTMR3Xq8o
— ANI (@ANI) March 27, 2022