उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh) के आगरा (Agra ) शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र के रावत पाड़ा स्थित तिवारी गली में शुक्रवार दोपहर को चार बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
बताया गया है किआगरा में थाना कोतवाली के व्यस्ततम बाजार रावत पाड़ा स्थित तिवारी गली में दिनदहाड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से 40 लाख की लूट की। एनएम कोरियर कंपनी में मैनेजर और कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। गोली मारने की धमकी देकर रकम बैग में भर ली। कार्यालय का शटर गिराने के बाद फायरिंग कर भाग गए।
आगरा (Agra )पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए हैं। इसमें बदमाश कैद हो गए हैं। तिवारी गली में मेवा और मसाले का कारोबार होता है। एक मार्केट की पहली मंजिल पर एनएम कोरियर कंपनी का कार्यालय है। मेहसाणा, गुजरात निवासी आनंदपुरी कंपनी में मैनजर हैं। पिछले दस साल से काम देख रहे हैं। ऑफिस के ऊपर ही कर्मचारियों के लिए कमरा बना हुआ है। दोपहर तकरीबन पौने एक बजे आफिस में आनंदपुरी, सनी पटेल, कृपाल और सहदेव बैठे हुए थे, तभी चार बदमाश दनदनाते हुए घुस आए।
बताया गया है कि उनके हाथों में पिस्टल लगी थीं। चेहरे छिपे हुए थे। उन्होंने सभी कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी। इसके बाद कैश के बारे में पूछने लगे। आफिस में दस लाख रुपये रखे थे। इन्हें अपने पास से लाए एक बैग में रख लिया। इसके बाद भी रकम की मांग करने लगे। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
दो बदमाशों ने कर्मचारी सनी पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसे दूसरी मंजिल पर कमरे में ले गए। बदमाशों ने कमरे में रखे 30 लाख रुपये कब्जे में ले लिए। इसके बाद चारों को धमकी देकर शटर की तरफ आए। एक फायर भी किया। इसके बाद शटर गिराकर भाग निकले।
आगरा (Agra ) शहर में दिनदहाड़े 40 लाख रुपये की लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी सिटी विकास कुमार मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद एसएसपी आगरा भी मौके पर आ गए। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड को बुला लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फर्म में किस चीज का कारोबार होता है। यह भी पता नहीं चल सका है। बताया गया है कि बदमाशों ने हथियारों के बल पर इस घटना को अंजाम दिया।
एडीजी जोन राजीव कृष्ण, आगरा (Agra ) एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स सहित पहुंचे। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। इसमें लूट करने वाले बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई है। सभी बदमाश 22 से 25 साल उम्र के हैं। मुंह पर नकाब बांधे थे। सभी जींस और टीशर्ट पहने थे।
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि थाना कोतवाली में कर्मचारी आया था। उनके साथ दो अधिवक्ता भी थे। चार बदमाशों के तमंचे के बल पर 40 लाख रुपये लूटने की जानकारी दी। घटना की जांच की गई है। टीम बनाई गई हैं। सभी अलग-अलग कार्य कर रही हैं। आफिस में पैसे के कोरियर का काम होता है। यह हवाला का भी हो सकता है। इसकी जांच की जाएगी।
थाना कोतवाली क्षेत्र में 40 लाख रुपयों की लूट की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर, टीमों का गठन करते हुए साक्ष्य संकलित कर, की जा रही अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के संबंध में श्रीमान @adgzoneagra द्वारा दी गई बाइट। pic.twitter.com/wDfp5PBWxC
— AGRA POLICE (@agrapolice) July 22, 2022