टाटा सन्स ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री( Cyrus Mistry )का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक मुंबई के सटे पालघर में यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हादसा मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर मुंबई के पास पालघर में हुआ। घटना के समय उनकी गाड़ी की स्पीड बेहद तेज थी, जिसके बाद डिवाइडर से उनकी कार टकरा गई। मिस्त्री गुजरात के उदवाड़ा में बने पारसी मंदिर से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक 54 साल के मिस्त्री की मर्सिडीज GLC 220 कार पालघर के कासा के पास चरोटी गांव में सूर्या नदी के पुल पर रोड डिवाइडर से टकराई थी। टक्कर के बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी जान चली गई है। वहीं, अनायता पंडोले (महिला) और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हुए हैं। अनायता मुंबई में डॉक्टर हैं और कार वही ड्राइव कर रही थीं। उनके पति दरीयस पंडोले जेएम फाइनेंशियल के CEO हैं। जहांगीर पंडोले, दरीयस के पिता थे।
पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया, ‘मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका नंबर MH-47-AB-6705 है। एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी दो लोग घायल हो गए।’ पुलिस ने बताया कि एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही मिस्त्री समेत सभी घायलों को कासा के अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन वहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दो घायलों का इलाज किया जा रहा है।
दिसंबर 2012 में रतन टाटा ने टाटा सन्स के चैयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद साइरस मिस्त्री ( Cyrus Mistry )को यह पद सौंपा गया था। हालांकि चार साल के अंदर ही 24 अक्टूबर 2016 को टाटा सन्स ने उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया था। उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया था। इसके बाद 12 जनवरी 2017 को एन चंद्रशेखरन टाटा सन्स के चेयरमैन बनाए गए थे्।
इस विवाद को लेकर टाटा सन्स का कहना था कि मिस्त्री के कामकाज का तरीका टाटा सन्स के काम करने के तरीके से मेल नहीं खा रहा था। इसी वजह से बोर्ड के सदस्यों का मिस्त्री पर से भरोसा उठ गया था। टाटा के 150 साल से भी ज्यादा समय के इतिहास में साइरस मिस्त्री( Cyrus Mistry ) छठे ग्रुप चेयरमैन थे।
सायरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री को दुनिया का सबसे गुमनाम अरबपति कहा जाता था। वह बहुत कम ही सार्वजनिक जगहों पर दिखते थे।साइरस के पिता पालोनजी मिस्त्री 2006 में टाटा ग्रुप के बोर्ड से रिटायर हुए थे, जिसके बाद साइरस मिस्त्री ने उनकी जगह ली थी। पालोनजी मिस्त्री टाटा ग्रुप के सबसे बड़े शेयर होल्डर थे।
साइरस पालोनजी मिस्त्री का जन्म 4 जुलाई 1968 को हुआ था। वो शापूरजी पालोनजी ग्रुप के प्रमुख पालोनजी मिस्त्री के छोटे बेटे थे। साइरस ने मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद वे सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए लंदन चले गए। उनके पास लंदन बिजनेस स्कूल से मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री भी थी।
साइरस ने 1991 में अपना फैमिली बिजनेस जॉइन किया था। उन्हें 1994 में शापूरजी पालोनजी ग्रुप का डायरेक्टर नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने भारत का सबसे ऊंचा रेसिडेंशियल टावर, सबसे लंबा रेलवे पुल और सबसे बड़े पोर्ट का निर्माण किया। पालोनजी ग्रुप का कारोबार कपड़े से लेकर रियल एस्टेट, हॉस्पिटेलिटी और बिजनेस ऑटोमेशन तक फैला हुआ है।
पालोनजी ने 2003 में एक आयरिश महिला से शादी की और इसके बाद उनको आयरिश नागरिकता मिल गई। लेकिन ज्यादातर वह मुंबई में रहते थे। उनकी कंपनी ने ही भारतीय रिजर्व बैंक की बिल्डिंग और ताज महल पैलेस होटल जैसी अन्य इमारतें बनाईं।पीएम मोदी ने भी साइरस मिस्त्री के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है।
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सायरस मिस्त्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उन्हें जीवन के लिए एक जुनून था और यह वास्तव में दुखद है कि इतनी कम उम्र में उनका निधन हो गया। इस कठिन समय में उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना और प्रार्थना है।
Former chairman of Tata Sons Cyrus Mistry killed in road accident near Mumbai
— Press Trust of India (@PTI_News) September 4, 2022