उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ( Lucknow) के ठाकुरगंज इलाके में स्थित नोवा अस्पताल के मालिक मनीष यादव( Dr. Manish Yadav ) ने शनिवार देर रात खुद को गोली मार ली। परिजन उन्हें लेकर ट्रॉमा पहुंचे। रविवार दोपहर को उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक डॉ. मनीष यादव ( Dr. Manish Yadav )का बालागंज इलाके में अस्पताल है। घटना के पीछे वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। डॉ. मनीष का घर में ही विवाद हुआ था। इसके बाद पिस्टल से कनपटी पर सटाकर उन्होंने खुद को गोली मार ली थी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग पहुंचे तो मनीष बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। आनन फानन में सब उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां रविवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि पिस्टल लाइसेंसी है। डॉ. मनीष ने खुद को क्यों गोली मारी है इसकी जानकारी की जा रही है। पूछताछ में मनीष के भाई रिंकू यादव ने बताया कि घटना के समय भाभी अपनी चार साल की बेटी के साथ अपने मायके गई थीं। उनकी मां की तबीयत खराब थी। चार दिन से वह वहीं पर थीं। घटना के समय भाई घर में अकेले थे। पुलिस ने बताया कि डा. मनीष ( Dr. Manish Yadav )का घर में ही किसी से कुछ विवाद हुआ था। इस बात की पड़ताल की जा रही है कि आखिर किससे विवाद हुआ था। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डॉ. मनीष की पत्नी व घरवालों ने किसी भी आरोप से इंकार किया है।
परिजनों ने बताया कि डॉक्टर ने 7 साल पहले मलिहाबाद से आवास विकास कॉलोनी आ गए थे। उनकी चार साल की एक बेटी भी है। मनीष यादव के परिजनों ने बताया कि साल 2018 में डकैतों ने उनके छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।