मध्य प्रदेश के दतिया (Datia )जिले में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिंध नदी में गिर गई। इससे 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को दतिया और ग्वालियर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोग रतनगढ़ माता मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार हादसा दतिया( Datia ) जिले में हुआ है। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के जाखोली बिंडवा गांव के रहने वाले हैं। जो रतनगढ़ की माता के दर्शन करने गए थे। यहां सोमवार को मेला भी लगता है। माता मंदिर में जवारे चढ़ाने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सिंध नदी के पुल में गड्ढे में फंस गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हालांकि यहां पानी नहीं था। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 28 लोग सवार थे।
तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें उषा (25) पति जगत सिंह कुशवाह, कस्तूरी (40) पति चतुर्भुज कुशवाह और गब्बर (26) पिता बादशाह कुशवाह की मौत हो गई। घायलों को 11 एम्बुलेंस की मदद से दतिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इनमें सीता (38) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है। सेवड़ा के रहने वाले रमाशंकर नगरिया ने बताया कि पुल का मेंटेनेंस नहीं होने से छोटे पुल की सड़क जर्जर हो गई थी।
दतिया (Datia ) जिले मेंसिंध नदी पर बना यह पुल बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था। सेवड़ा में पुल पर शुरुआत में सीसी टूट गई थी। यहां पुल पर चढ़ते समय वाहनों को झटका लगता है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी, पुल पर चढ़ते ही अनियंत्रित हो गई। पुल पर करीब 20 फीट बाद ट्रैक्टर-ट्राली नदी में गिर गए। जिस जगह ट्रैक्टर-ट्राली नदी में गिरे वह किनारा था। सभी लोग नदी की रेत में गिरे। घटना स्थल से करीब 20 दूर ही सिंध नदी में पानी भरा था। ट्राली में सवार लोग दब गए।