हिमाचल प्रदेश में आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu)के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज राजधानी शिमला में स्थित राजभवन में मंत्रियों को शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह समेत 7 मंत्रियों को शामिल किया गया है।इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ही शपथ ली थी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू(Sukhvinder Singh Sukhu) के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश मंत्रिपरिषद मे सात मंत्रियों को शामिल करने से मंत्रियों की कुल संख्या अब नौ हो गई है।डॉ धनी राम शांडिल, चंदर कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। धनीराम शांडिल ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद चंद्र कुमार ने दूसरे स्थान पर मंत्री पद की शपथ ली।
तीसरे स्थान पर हर्षवर्द्धन चौहान, चौथे स्थान पर जगत सिंह नेगी ने मंत्री पद की शपथ ली। पांचवें स्थान पर रोहित ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। अनिरुद्ध सिंह ने छठे स्थान पर और विक्रमादित्य सिंह ने सातवें स्थान पर मंत्री पद की शपथ ली। शिमला को पहली ही सूची में तीन मंत्री मिले हैं। मंत्रियों के तीन पद अभी खाली रहेंगे।राज्य मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 से अधिक नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर को शपथ ली थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ( Sukhwinder Singh Sukhu) ने रविवार को छह मुख्य संसदीय सचिवों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुंदर सिंह ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, राम कुमार चौधरी, आशीष बुटेल, किशोरी लाल, संजय अवस्थी ने मुख्य संसदीय सचिव पद की शपथ ली।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त मुख्य संसदीय सचिवों के परिवार के सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्य संसदीय सचिव बनाने की पहल वीरभद्र सरकार में शुरू हुई थी। जब मंत्रियों को बनाने की सीमा तय हुई थी कि मुख्यमंत्री के अलावा केवल 11 मंत्री ही बनाए जा सकते हैं।
दरअसल हिमाचल प्रदेश में काफी लंबे अरसे से मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार हो रहा था। जैसे ही शनिवार देर शाम मंत्रियों के शपथ ग्रहण की सूचना सार्वजनिक हुई वैसे ही प्रदेश भर से समर्थक शिमला पहुंचना शुरू हुए। रविवार सुबह राजभवन के बाहर भारी संख्या में समर्थक अपने नेता को मंत्री पद की शपथ ग्रहण करते हुए देखने के लिए पहुंचे। राजभवन में हालात इतने खराब हो गए की समर्थकों की भीड़ को कंट्रोल कर पाना पुलिस के बस से बाहर हो रहा था।
Himachal cabinet expansion: Vikramaditya Singh, son of former CM Virbhadra Singh, and three-time Kasumpti MLA Anirudh Singh take oath
— Press Trust of India (@PTI_News) January 8, 2023
https://platform.twitter.com/widgets.js