त्रिपुरा( Tripura ) में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग हुई। सभी 60 सीटों पर सिंगल फेज में वोट डाले गए। शाम 5 बजे तक 81% मतदान हुआ। हालांकि ये डेटा अभी अपडेट हो सकता है। चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे। इससे पहले 2018 में त्रिपुरा में 90% मतदान हुआ था और सरकार भाजपा ने बनाई थी।
इस बार राज्य में कुल 3,337 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। चुनाव में राज्य की 28.13 लाख जनता ने 259 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया। यह चुनाव 2023 का पहला चुनाव है।
उधर, भाजपा-कांग्रेस को ट्विटर पर वोटिंग अपील करना भारी पड़ गया। चुनाव आयोग ने दोनों दलों को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में नोटिस भेजा है। भाजपा महासचिव दिलीप सैकिया को भी इस मामले में नोटिस भेजा गया है।
त्रिपुरा ( Tripura )विधानसभा चुनाव के लिए भारी सुरक्षा और छिटपुट हिंसा के बीच शाम चार बजे तक 81 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर हमले और मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनाव को बाधित करने की कई घटनाएं भी सामने आईं हैं। सुबह सात बजे से पहले ही लोग मतदाता केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। दिन में कई मतदाता केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दक्षिण, गोमती, सिपाहीजाला और पश्चिम त्रिपुरा जिलों में हमले में विपक्षी दल के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। मुख्य विपक्षी माकपा ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने चार जिलों के 25 से अधिक मतदान केंद्रों में उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों को बेदखल कर दिया है। चुनाव अधिकारी ने कहा, ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन), जहां ठीक से काम नहीं कर रही थीं, उन्हें इंजीनियरों ने तुरंत बदल दिया।
त्रिपुरा ( Tripura )के मुख्य निर्वाचन अधिकारी गिट्टे किरणकुमार दिनकर राव ने कहा, जहां भी किसी तरह की परेशानी की सूचना मिली, सुरक्षा बल तुरंत पहुंचे और समस्याओं का समाधान किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोमती जिले में सत्तारूढ़ भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए लोगों से आग्रह करने में कथित भूमिका के लिए एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया। माकपा और कांग्रेस सहित विपक्षी राजनीतिक दलों ने शिकायत की कि धनपुर और काकराबान सहित कई जगहों पर सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के मतदाताओं को रोका। राज्य के आठ जिलों में सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले ही पुरुष, महिला और पहली बार वोट डाल रहे मतदाता मतदान केंद्रों के सामने कतार में लग गए थे।
इस बीच, चुनाव आयोग ने भाजपा और कांग्रेस को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर नोटिस भेजा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद त्रिपुरा कांग्रेस और भाजपा को उनके अधिकारिक हैंडल से वोट की अपील करने के ट्वीट के संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। लंबी-लंबी कतारों में लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सुबह नौ बजे तक मतदान 13.92 फीसदी हुआ। इसके बाद ग्यारह बजे यह प्रतिशत 31.12 फीसदी पहुंच गया। इसके बाद 1 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 51.42 फीसदी हो गया। तीन बजते-बजते यह प्रतिशत बढ़कर 69.96 फीसदी हो गया। और शाम को चार बजे तक पूरे राज्य में 81.10 फीसदी लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया।
Women voters enthusiastically participating in the festival of #Democracy. Glimpses of women voters from #Tripura.#AssemblyElections2023 #ECI #TripuraElections2023 #IVote4Sure pic.twitter.com/BzOxnKk8M6
— Election Commission of India #SVEEP (@ECISVEEP) February 16, 2023