यूपी में स्थानीय निकाय के चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) ने आज मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद मैं जनसभाओं को संबोधित किया।तीनों जगह चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सपा पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि यूपी में कानून का राज कायम हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के लिए विजन और योग्य नेतृत्व चाहिए। प्रदेश के विकास के लिए सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। 2014 के पहले देश में कांग्रेस और प्रदेश में समाजवादी पार्टी के फेल इंजन यूपी के विकास को पीछे लेकर जा रहे थे। वहीं डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश के विकास को डबल स्पीड के साथ आगे बढ़ा रही है और विकास के कार्यों को धरातल पर उतार रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) गुरुवार को नगर निकाय चुनाव प्रचार के लिए फिरोजाबाद ( Firozabad ) पहुंचे, जहां उन्होंने तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश के शहर शोहदों के आतंक से भयभीत नहीं है बल्कि सेफ सिटी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांच की नगरी फिरोजाबाद ने एक बार फिर से अपने वैभव का परचम लहराना शुरू कर दिया है। नगर निगम फिरोजाबाद का विस्तार और नगर पंचायत मक्खनपुर सृजन हुआ है। अमृत मिशन के तहत 323 करोड़ रुपए की पांच परियोजनाएं यहां के लिए स्वीकृत हुई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) ने गुरुवार को मथुरा ( Mathura) के सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग कांड की याद दिलाते हुए कहा कि पहले यह गुंडागर्दी का अड्डा हुआ करता था। अब स्थिति आपके सामने है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले कोसी कला में दंगा होता था। आज यहां पेप्सिको का प्लांट लग चुका है। जिस मथुरा-वृंदावन में कभी मांस-मदिरा की बिक्री होती थी, हमने उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी। यहां की पवित्रता के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जा सकती।
योगी ने कहा कि आज तीर्थ स्थल घोषित होते ही यहां बड़े स्तर पर कार्ययोजना के साथ काम हो रहा है। 84 कोसी परिक्रमा केवल अयोध्या में ही नहीं ब्रज में भी होने जा रही है। इस समय ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए 32 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं चल रही हैं। जब ये जमीन पर दिखाई देने लगेंगी उस दिन यहां द्वापर युग जैसी भव्यता और दिव्यता दिखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम बनने के बाद अब मथुरा के नवनिर्माण की दिशा में कार्य हो रहे हैं। जैसे काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया। ऐसे ही बांके बिहारी के धाम का कार्य आगे बढ़ना चाहिए। हमें बरसाना, गोकुल, गोवर्धन को उसके पुरातन स्वरूप जैसी भव्यता देना है। ये हम सबकी जिम्मेदारी है। ये नगर निकाय चुनाव इसी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है।
आगरा( AGRA) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) ने कहा कि आगरा अपने इतिहास के लिए जाना जाता है। छत्रपति शिवाजी महाराज इसका जीता जागता उदाहरण हैं। जिनके कई किस्से कहानियां आगरा से जुड़े हैं। यही वजह थी कि हमने आगरा में शिवाजी म्यूजियम बनाने की बात कही। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के साथ ही काशी में बड़ा बदलाव हुआ है। अब बृज की बारी है। हम जाति और मजहब के हिसाब से नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास के मकसद के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आगरा अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए जानी जाती है। यह वीरों की भूमि है। छत्रपति शिवाजी ने विदेशी आक्रांताओं को यहीं पर चुनौती देने का काम किया था। हमारी सरकार ने उनके नाम पर म्यूजियम बनवाने का काम किया। भारत बदल चुका है। अब हमें प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत का निर्माण करना होगा। इसके लिए गुलामी के अंशों को समाप्त करना होगा। जहां भी गुलामी का अंश होगा उससे मुक्ति पाने का उपाय करेंगे। साथ ही विरासत का सम्मान करेंगे।
भारत आज मजबूत देश बन चुका है। यहां नौ वर्षों में जो हुआ वो पिछले 70 वर्षों में कभी नहीं हुआ। आज भारत का गौरव लौट आया है। जी-20 इसका उदाहरण है। जी-20 के दौरान आगरा की तस्वीर ही बदल गई। छह वर्ष पहले ऐसा नहीं था। हर जगह कूड़े के ढेर रहते थे। आज आगरा स्वर्ग है।
सीएम योगी ने कहा कि हमारे कार्यकाल में गुंडागर्दी खत्म हुई। हमने करोड़ों लोगों को शौचालय, उज्जवला कनेक्शन दिए। प्रधानमंत्री मोदी का विजन यूपी का मिशन ये है नया उत्तर प्रदेश। जो किसान पहले सिर झुकाकर चलता था। आज वो सीना चौड़ा कर चलता है। दीवाली पर हम एक एक सिलेंडर फ्री में देने जा रहे हैं। हमारा एक जिला एक उत्पाद आज दुनिया भर में छाया हुआ है। हाल ही में इन्वेस्टर्स समिट के दौरान करोड़ों के इन्वेस्ट की बात हुई। इससे एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी।यूपी में सभी 17 नगर निगम में जीत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा जोर लगा दिया है।
जनपद आगरा में हुए विकास कार्य… pic.twitter.com/nZgge6Abqy
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 27, 2023