उत्तर प्रदेश के एटा (Etah ) जिले में चार नगर पालिकाओं में से भाजपा ने दो पर जीत दर्ज की है। जबकि, सपा के खाते में एक सीट आई है। वहीं भाजपा से बगावत कर जलेसर नगर पालिका पर निर्दलीय लड़ीं गौरी देवी वर्मा अध्यक्ष बन गईं हैं। एटा मुख्यालय की नगर पालिका अध्यक्ष की सीट सभी दलों के लिए प्रतिष्ठापूर्ण रहती है। इस बार यहां त्रिकोणीय मुकाबला था।
इसमें एटा (Etah ) निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी, भाजपा की सुधा गुप्ता और सपा की मुन्नी बेगम लड़ाई में थीं। यहां सुधा गुप्ता ने जीत हासिल की है। उधर, अलीगंज में भाजपा दोबारा जीत दर्ज कराने में कामयाब रही है। पार्टी प्रत्याशी सुनीता गुप्ता ने बसपा के जुनैद मियां को परास्त किया है। इनके अलावा अन्य दोनों पालिकाओं पर भाजपा को मायूसी का सामना करना पड़ा।
जलेसर पर भाजपा प्रत्याशी शकुंतला कुशवाह को निर्दलीय गौरी देवी वर्मा ने हरा दिया। वह पहले भाजपा में ही थीं। टिकट न मिलने पर बगावत कर निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा। मारहरा नगर पालिका पर वर्षों से काबिज सपा का तिलिस्म भाजपा इस बार भी नहीं भेद पाई। सपा प्रत्याशी शशिप्रभा ने भाजपा की राजनश्री पर फतह हासिल की है।
पार्टी का यह इत्तेफाक ही है कि 2017 में भी दो नगर पालिकाध्यक्ष बने थे। उस समय जलेसर पर विकास मित्तल और अलीगंज पर बृजेश गुप्ता ने भाजपा का झंडा फहराया था। जबकि एटा में निर्दलीय मीरा गांधी और मारहरा में सपा के परवेज जुबैरी ने भाजपा प्रत्याशियों को हरा दिया था।
