उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh) विधान परिषद(UP MLC election) की दो सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा के पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को हुए मतदान में पदमसेन ने सपा के रामकरन निर्मल को 163 मतों से शिकस्त दी। वहीं भाजपा के मानवेंद्र सिंह ने सपा के रामजतन राजभर को 164 मतों से हराया।
उप चुनाव (UP MLC election)के लिए विधानमंडल के तिलक हॉल में सोमवार को सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ। शाम 4 बजे तक विधानसभा के 403 सदस्यों में से 396 सदस्यों ने मतदान किया। सपा विधायक इरफान सोलंकी, रमाकांत यादव और सुभासपा के अब्बास अंसारी जेल में बंद होने के कारण मतदान नहीं कर सके। सपा विधायक मनोज पारस अस्वस्थ होने के कारण मतदान करने नहीं पहुंचे। बसपा के एक मात्र विधायक उमाशंकर सिंह, कांग्रेस की विधायक आराधना मिश्रा मोना व वीरेंद्र चौधरी ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
विधान परिषद के पूर्व सदस्य लक्ष्मण आचार्य के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार पदमसेन चौधरी को 279 और सपा के रामकरन निर्मल को 116 मत मिले। भाजपा के एक विधायक का वोट रद हुआ। परिषद के पूर्व सदस्य बनवारी लाल दोहरे के निधन से खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के मानवेंद्र सिंह को 280 और सपा के रामजतन राजभर को 116 वोट मिले। निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद मुशाहिद ने पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र को विजयी घोषित किया। पदमसेन का कार्यकाल 30 जनवरी 2027 और मानवेंद्र सिंह का कार्यकाल 6 जुलाई 2028 तक रहेगा।
उप चुनाव के बाद अब विधान परिषद में भाजपा की सदस्य संख्या 82 हो गई है। सपा के 9 सदस्य हैं। अपना दल एस, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, बसपा, शैक्षिक दल गैरराजनीतिक और निषाद पार्टी के एक-एक सदस्य हैं। निर्दल समूह के दो और दो निर्दलीय सदस्य हैं। लंबे अर्से बाद परिषद में सभी सौ सदस्य हुए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य पद पर हुए उपचुनाव (UP MLC election)में डबल इंजन सरकार के प्रत्याशी पद्मसेन चौधरी व मानवेन्द्र सिंह को जीत की हार्दिक बधाई दी औऱ उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना की। सीएम ने विश्वास जताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विजयी दोनों सम्मानित सदस्यों का लोकनिष्ठ आचरण, कर्मठता एवं अनुभव ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में सहायक होगा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य पद हेतु संपन्न हुए उप-चुनाव में डबल इंजन सरकार के प्रत्याशी श्री पदमसेन चौधरी जी एवं श्री मानवेन्द्र सिंह जी को जीत की हार्दिक बधाई!
पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विजयी दोनों सम्मानित सदस्यों का लोकनिष्ठ आचरण,…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 29, 2023