संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 78वें सत्र को विदेश मंत्री एस जयशंकर( S Jaishankar ) ने संबोधित किया। संबोधन की शुरुआत उन्होंने ‘भारत की ओर से नमस्ते’ कहकर की। उन्होंने कहा, भारत ने दिसंबर 2022 में असाधारण जिम्मेदारी की भावना के साथ जी20 की अध्यक्षता संभाली थी। वहीं जयशंकर ने उन देशों पर कटाक्ष किया जो पहले दुनिया का एजेंडा तय करते थे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यह कह कर विश्व की बड़ी शक्तियों को आईना दिखाने का ही काम किया कि वह जमाना चला गया, जब कुछ देश एजेंडा तय करते थे और यह अपेक्षा करते थे कि अन्य सभी देश उसका अनुसरण करें।
इस दौरान उन्होंने कनाडा का नाम लिए बिना कहा- राजनीति के लिए आतंकवाद को बढ़ावा देना गलत है। हम ये मानते हैं कि संप्रभुता का सम्मान जरूरी है, पर ये सम्मान चुनिंदा नहीं होना चाहिए।
जयशंकर ने कहा- आतंकवाद, चरमपंथ और हिंसा पर एक्शन राजनीतिक सहूलियत के हिसाब से नहीं लेना चाहिए। अपनी सहूलियत के हिसाब से क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान और आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं हो सकता। जब वास्तविकता, बयानबाजी से कोसों दूर हो जाए तो हमारे भीतर इसके खिलाफ आवाज उठाने का साहस होना चाहिए।

जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र के 78वें सत्र को संबोधित करते हुए कहा, भारत के प्रयास से ही अफ्रीकी संघ को जी20 के स्थायी सदस्य के रुप में स्वीकार किया गया। ऐसा करके हमने पूरे महाद्वीप को आवाज दी, जिसका लंबे समय से हक था।
विदेश मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब पूर्व-पश्चिम ध्रुवीकरण इतना तीव्र है और उत्तर-दक्षिण विभाजन इतना गहरा है, नई दिल्ली शिखर सम्मेलन भी इस बात की पुष्टि करता है कि कूटनीति और संवाद ही एकमात्र प्रभावी समाधान हैं।
उन्होंने कहा, नई दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन के नतीजे निश्चित रूप से आने वाले वर्षों में प्रभावी होंगे। सतत विकास लक्ष्यों के लिए कार्य योजना, आज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। LiFE के उच्च सिद्धांत (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) और हरित विकास संधि भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। क्योंकि वे हमारे ग्रह के भविष्य के प्रति हमारे दृष्टिकोण को आकार देते हैं।
न्यूयॉर्क में 13 सितंबर से चल रही संयुक्त राष्ट्र महासभा यानी (UNGA) की बैठक में सभी सदस्य देश अपनी बात रखते हैं। UNGA की 77वीं बैठक में पीएम मोदी की जगह एस जयशंकर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने UNSC में बदलावों की भारत की मांग को दुनिया के सामने दोहराया है।
#WATCH | New York | At the UNGA, EAM Dr S Jaishankar says, “Namaste from Bharat!…Our fullest support to this UNGA’s theme of rebuilding trust and reigniting global solidarity. This is an occasion to take stock of our achievements and challenges even while sharing our… pic.twitter.com/6TZtneWRHC
— ANI (@ANI) September 26, 2023