विश्व कप 2023 के 24वें मैच में ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने नीदरलैंड को 309 रन से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 21 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। कंगारू टीम ने विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की।पिछला रिकॉर्ड 257 रन का था। ऑस्ट्रेलिया ने ही 2015 में पर्थ में अफगानिस्तान को इस अंतर से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया (Australia) की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड को 21 ओवर में समेट दिया। उसके लिए स्पिनर एडम जम्पा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मिचेल मार्श को दो सफलता मिली। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट लिया। नीदरलैंड के पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। विक्रमजीत सिंह ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। तेजा निदामानुरू ने 14, स्कॉट एडवर्ड्स ने नाबाद 12, साइब्रैंड ने 11 और कॉलिन एकरमैन ने 10 रन बनाए। मैक्स ओडाड छह, बास डी लीडे चार और आर्यन दत्त एक रन बनाकर आउट हुए। लोगन वान बीक, रूलोफ वान डेर मर्वे और पॉल वान मीकेरेन खाता भी नहीं खोल पाए।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। कंगारू टीम के लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने रिकॉर्ड शतक लगाया। वॉर्नर ने छठा शतक लगाते हुए पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए। वहीं, मैक्सवेल ने आखिरी ओवरों में तूफानी पारी खेली और 40 गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया। वह सबसे कम गेंदों पर विश्व कप में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 104 और मैक्सवेल ने 44 गेंद पर 106 रन बनाए।
वॉर्नर और मैक्सवेल के अलावा स्टीव स्मिथ ने 71 और मार्नश लाबुशेन ने 62 रन बनाए। जोश इंगलिश ने 14 और कप्तान पैट कमिंस ने नाबाद 12 रन बनाए। मिचेल मार्श नौ और कैमरन ग्रीन आठ रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क खाता नहीं खोल पाए। एडन जम्पा ने एक रन बनाए। नीदरलैंड के लिए लोगन वान बीक ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। बास डी लीडे को दो सफलता मिली। आर्यन दत्त ने एक विकेट अपने नाम किया।

400 रन का टारगेट चेज करने उतरे नीदरलैंड के ओपनर्स ने पॉजिटिव अप्रोच के साथ शुरुआत की, ऑस्ट्रेलिया (Australia) के तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। टीम ने पावरप्ले में 48 रन बनाने में टॉप-3 विकेट गंवा दिए।
ICC Cricket World Cup | Australia beat Netherlands by 309 runs; the biggest win in the history of World Cup. pic.twitter.com/E1zk1mXDWZ
— ANI (@ANI) October 25, 2023