उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh) के आगरा निवासी भाजपा ( BJP) कार्यकर्ताओं की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में आगरा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज की मौत हो गई है। जबकि तीन से अधिक कार्यकर्ता घायल हैं। यह लोग उज्जैन( Ujjain ) में महाकाल के दर्शन करके वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में मध्य प्रदेश के ही गुना के पास हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार आगरा के भाजपा ( BJP) ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, पार्षद विजय वर्मा समेत सात लोग शनिवार को उज्जैन महाकाल के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद वो अर्टिगा कार से लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे पार्वती नदी के पास कार का पिछला टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए पलट गई। हादसे में कार में बैठे सभी लोगों के चोट आईं।
पार्षद विजय वर्मा ने बताया कि वो आगे बैठे थे। उनके सीट बेल्ट लगी थी। सुबह का समय था। आंखों में नींद थी। तभी अचानक तेज झटका लगा। कार ने तीन बार पलटा खाया। हादसे में उनको हल्की चोट आई हैं। पीछे की सीट पर बैठे संजीव भारद्वाज, सरवन कश्यप, मुकुल फौजदार को चोट आईं। घायलों को हॉस्पीटल ले जाया गया। जहां पर ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विजय वर्मा ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम से उनकी वार्ता हुई है। कई संगठन के बड़े नेताओं ने बातचीत की है। उन्होंने बताया कि पार्टी की टीम मौके पर पहुंच रही है। वहींं इस हादसे में विजय वर्मा को छोड़कर बाकी सभी लोग गंभीर रूप से घायल है। इनको नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

भाजपा ( BJP) ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने विद्यार्थी परिषद की ओर से कई बड़े आंदोलन कर छात्रों के हित की लड़ाई लड़ी। मधुर भाषा और वाक पटु होने के कारण उनको सभी पसंद करते थे। उनके निधन से कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई है।