Friday, April 18, 2025

Elections, Haryana, INDIA, News

Haryana:हरियाणा नगर निकाय चुनाव में भाजपा की आंधी में फिर उड़ी कांग्रेस,10 में से एक नगर निगम में भी नहीं जीत पाई

BJP sweeps Haryana mayoral polls, bags nine corporations out of 10

नगर निकाय चुनाव (Haryana Municipal Electionमें भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। प्रदेश के 10 नगर निगमों में से नौ पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है, जबकि नवगठित मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव जीता है। इसके साथ ही कांग्रेस का निकाय चुनाव में सुपड़ा साफ हो गया है।

10 नगर निगमों में से 7 में महिलाएं मेयर बनी हैं। जबकि सिर्फ 3 में पुरुष मेयर बने। गुरुग्राम में राज रानी, यमुनानगर में सुमन बहमनी, पानीपत में कोमल सैनी, फरीदाबाद में प्रवीण जोशी, मानेसर में डॉ इंद्रजीत, अंबाला में सैलजा सचदेवा और करनाल में रेणु बाला मेयर चुनाव जीतीं।

हरियाणा  नगर निकाय चुनाव  (Haryana Municipal Election) मेंकांग्रेस का किसी भी निगम में खाता नहीं खुला। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के गढ़ रोहतक में भी कांग्रेस जीत नहीं पाई। इसी तरह सिरसा नगर परिषद में भाजपा का चेयरमैन बना। सिरसा से कांग्रेस की कुमारी सैलजा सांसद हैं।

मानेसर नगर निगम में निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव चुनाव जीतीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था।

फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर, गुरुग्राम और मानेसर में 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के उपचुनाव के लिए भी इसी दिन मतदान हुआ। इसी दिन 21 नगर पालिकाओं के लिए भी वोट डाले गए। पानीपत में 9 मार्च को वोटिंग हुई।

विधानसभा चुनाव के पांच महीने के बाद हुए निकाय चुनाव (Haryana Municipal Electionमें एकतरफा जीत का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दिया जा रहा है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी को सूत्रधार बताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश के लिए मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। यह जीत राज्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। मोदी ने कहा कि मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है, जिसके लिए उनकी दिल से सराहना करता हूं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत के बाद नगर निगम और नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा को हरियाणा की जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। इसके लिए प्रदेश के लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा, वार्ड से लेकर विधानसभा और पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। अमित शाह ने कहा कि इस जीत के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

Vijay Upadhyay

Vijay Upadhyay is a career journalist with 23 years of experience in various English & Hindi national dailies. He has worked with UNI, DD/AIR & The Pioneer, among other national newspapers. He currently heads the United News Room, a news agency engaged in providing local news content to national newspapers and television news channels