नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) विदेश यात्राओं पर एक बार फिर भाजपा ने सवाल उठाया है। भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को कहा- राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वे वियतनाम गए हैं। वे नए साल के दौरान भी दक्षिण-पूर्व एशियाई देश वियतनाम में थे। वहां 22 दिन रुके, इतना तो वे अपने निर्वाचन क्षेत्र (रायबरेली) में नहीं बिताते।
उनके वियतनाम यात्रा को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी को अपने दक्षिण पूर्वी एशियाई देश के प्रति ‘असाधारण लगाव’ के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘राहुल गांधी कहां हैं। मैने सुना है कि वह वियतनाम गए हैं। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में ज्यादा दिन नहीं बिताते। अचानक वियतनाम के प्रति उनके इतने प्रेम का क्या कारण है?’’राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें भारत में उपलब्ध रहना चाहिए।
भाजपा आईटी सेल चीफ अमित मालवीय ने कहा, ‘विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी एक महत्वपूर्ण पद पर हैं। और उनकी कई गुप्त विदेश यात्राएं खासकर जब संसद सत्र चल रहा हो, औचित्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में गंभीर सवाल उठाती हैं।’उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लगातार विदेश यात्राओं की डिटेल संसद को नहीं बताई जाती है। और न ही सार्वजनिक की जाती है।
दरअसल, 26 दिसंबर 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह का निधन हुआ था। सिंह के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद राहुल गांधी वियतनाम यात्रा पर निकल गए थे। भाजपा ने तब भी इसकी आलोचना की थी। अमित मालवीय ने तब कहा था- जब पूरा देश सिंह के निधन पर शोक मना रहा था, तब गांधी नए साल का जश्न मनाने के लिए वियतनाम गए थे।

भाजपा के द्वारा राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर सवाल खड़ा करना कोई नई बात नहीं है। भाजपा हमेश से ही राहुल पर यह आरोप लगाते आई है कि वह एक गैर-गंभीर नेता हैं जो घरेलू राजनीति से दूर रहते हैं। हालांकि इसके जवाब में कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह राहुल गांधी के निजी दौरे का राजनीतिकरण कर रहे हैं और यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि विदेश यात्रा करना किसी राजनेता का अधिकार नहीं होना चाहिए।