संघ लोक सेवा आयोग ( UPSC) ने सिविल सेवा 2024 परीक्षा का अंतिम परिणाम (UPSC Final Result)जारी कर दिया है। संघ प्रयागराज की शक्ति दुबे (Shakti Dubey )ऑल इंडिया टॉपर बनी हैं। कुल 1009 उम्मीदवारों का नाम मेरिट लिस्ट में शामिल है।इस बार लड़कियों ने परीक्षा में दबदबा कायम किया है।
नियुक्ति के लिए कुल 1009 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है। जिसमें 335 उम्मीदवार सामान्य श्रेणी के, 109 ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी श्रेणी के उम्मीदवार शामिल हैं। शक्ति दुबे (Shakti Dubey ) ने परीक्षा में टॉप किया है। वहीं, हर्षिता गोयल दूसरे और डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर रहे।
सरकार की अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती के माध्यम से कुल 1,129 रिक्तियां भरी जाएंगी, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 180 पद, भारतीय विदेश सेवा (IFS) में 55 और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में 147 पद शामिल हैं।
शक्ति दुबे (Shakti Dubey )ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक (विज्ञान स्नातक) किया है। आयोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए परीक्षा उत्तीर्ण की।
यूपीएससी सेकेंड टॉपर हर्षिता गोयल ने एमएस यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बी.कॉम स्नातक किया है। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को अपने वैकल्पिक विषय के रूप चुना था।
डोंगरे अर्चित पराग, जिन्होंने वीआईटी, वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बी.टेक) किया है, दर्शनशास्त्र को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए तीसरे स्थान पर रहे।
गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में BTech की डिग्री प्राप्त मार्गी ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर चौथा स्थान हासिल किया है।
कंप्यूटर विज्ञान में BTech की डिग्री रखने वाले और गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से इंजीनियरिंग करने वाले आकाश गर्ग को वैकल्पिक विषय के रूप में समाजशास्त्र के साथ 5वां स्थान मिला है।
कोमल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली हैं। इंटरमीडिएट परीक्षा में 97% मार्क्स हासिल कर जिले में टॉप किया था। इसके बाद उन्होंने IIT रुड़की से B.Tech किया है।
शक्ति दुबे ने इलाहबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने के बाद बीएचयू में बायोकैमेस्ट्री में एमएससी की है। 2018 में पोस्ट ग्रेजुएट होने के बाद शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। शक्ति के पिता देवेंद्र द्विवेदी डीसीपी ट्रैफिक के पेशकार हैं। बेटी की उपलब्धि से हर कोई प्रफुल्लित है।
आयोग द्वारा सितंबर में आयोजित लिखित परीक्षा और जनवरी से अप्रैल के बीच आयोजित व्यक्तित्व परीक्षण के आधार पर चयनित उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों के अंक करीब 15 दिनों बाद जारी किए जाएंगे।
टॉप-10 टॉपर्स की सूची
रैंक | रोल नंबर | नाम |
---|---|---|
1 | 0240782 | शक्ति दुबे |
2 | 0101571 | हर्षिता गोयल |
3 | 0867282 | डोंगरे अर्चित पराग |
4 | 0108110 | शाह मर्गी चिराग |
5 | 0833621 | आकाश गर्ग |
6 | 0818290 | कोमल पूनिया |
7 | 6902167 | आयुषी बंसल |
8 | 6613295 | राज कृष्ण झा |
9 | 0849449 | आदित्य विक्रम अग्रवाल |
10 | 5400180 | मयंक त्रिपाठी |