प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi ) सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह राज्य गुजरात के दौर पर पहुंचे। उन्होंने अहमदाबाद में रोड शो किया। वे अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसके बाद जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे विकास के अनेक प्रोजेक्ट्स आप सभी जनता जनार्दन के चरणों में समर्पित करने का सौभाग्य मिला है। मैं इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
यहां जनसभा में पीएम मोदी (PM Modi ) ने ऑपरेशन सिंदूर, ट्रंप के टैरिफ के साथ ही कांग्रेस पर हमला बोला। टैरिफ को लेकर पीएम मोदी कहा दुनिया में आज आर्थिक स्वार्थ की राजनीति हो रही है। सब कोई अपना फायदा करने में लगा है। हम सब कुछ देख रहे हैं। सरकार लघु उद्यमियों, किसानों, पशु पालकों का अहित नहीं होने देगी। दबाव कितना ही क्यों न हो, हम झेलने की ताकत बढ़ाते जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में गणेश उत्सव को लेकर अद्भुत उत्साह है। गणपति बप्पा के आशीर्वाद से आज गुजरात के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन हुआ है। यह मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे देश की जनता को कई विकास परियोजनाएं समर्पित करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि मानसून में गुजरात में कई इलाकों में भारी बारिश हुई। देश में भी एक के बाद एक आपदाएं आ रही हैं। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रकृति का यह प्रकोप पूरे देश, विश्व के लिए चुनौती बना है। केंद्र सरकार राज्यों के साथ राहत, बचाव कार्य में जुटी है।
पीएम मोदी (PM Modi ) ने कहा कि गुजरात की धरती दो मोहन की धरती है एक सुदर्शन चक्र धारी द्वारिकाधीश और दूसरे चरखाधारी मोहन, हमारे महात्मा गांधी। भारत इन दोनों के दिखाए रास्ते पर चलकर सशक्त होता जा रहा है। श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि देश समाज की रक्षा कैसे करें। उन्होंने सुदर्शन चक्र को न्याय व सुरक्षा का कवच बनाया, जो दुश्मन को ढूंढकर उसे दंड देता है। यही भाव आज भारत के फैसलों में देश-दुनिया अनुभव कर रही है।
पीएम मोदी (PM Modi ) ने कहा कि आज आतंकवादी और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं हैं। चाहे वे कहीं भी छिपे हैं। पहलगाम का हमले का बदला हमने कैसे लिया दुनिया ने देखा है। 22 मिनट में सब साफ कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्र धारी मोहन की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है।
उन्होंने कहा कि चरखाधारी मोहन महात्मा गांधी ने भारत की समृद्धि का रास्ता स्वदेशी में बताया था। साबरमती आश्रम इसका साक्षी है। जिस पार्टी ने उनका नाम लेकर दशकों तक सत्ता सुख भोगा, उसने बापू की आत्मा को कुचल दिया। गांधी के नाम पर गाड़ी चलाने वालों ने एक बार भी न तो स्वच्छता को बढ़ावा दिया और न स्वदेशी को बढ़ाया।
पीएम मोदी ने कहा कि बापू को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में उनके आश्रम का नवीनीकरण हो रहा है। मैं सरदार पटेल के स्टेच्यू के निर्माण के दौरान ही बापू के आश्रम का काम कराना चाहता था। लेकिन उस वक्त केंद्र सरकार हमारे अनुकूल नहीं थी। वो गांधीजी के अनुकूल भी नहीं थी। इसलिए काम नहीं आगे बढ़ सका। अब काम तेजी से होगा। अब साबरमती आश्रम दुनिया के लिए शांति की सबसे बड़ी प्रेरणा भूमि बनेगा। जिसको किसी ने नहीं पूछा, मोदी उसको पूजता है। पिछड़ों को हम प्राथमिकता देंगे। पिछले 11 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह आंकड़ा दुनिया के लिए भी अजूबा है। विश्व में इसकी चर्चा हो रही है। आज न्यू मिडिल क्लास और पुराना मिडिल क्लास देश की ताकत बन रहे हैं।