उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) ने रविवार को आगरा में विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा की।मुख्यमंत्री ने आगरा मेट्रो और खेरिया एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का काम अक्तूबर तक हर हाल में पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अक्तूबर में प्रधानमंत्री आगरा आ सकते हैं। उससे पहले दोनों कार्यों को पूरा कराएं, जिससे लोकार्पण हो सके।
मंडलायुक्त सभागार में बैठक करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) ने कहा कि दोनों कामों में किसी प्रकार की देरी न हो। आगरा मेट्रो फिलहाल ताजमहल से मन:कामेश्वर स्टेशन के बीच चल रही है। इसे आईएसबीटी तक अगले माह तक चलाना प्रस्तावित है। वहीं सिकंदरा स्टेशन का काम दिसंबर में पूरा होना है। इसी तरह आगरा कैंट स्टेशन से आगरा कॉलेज तक दूसरे कॉरिडोर के हिस्से का निर्माण कार्य भी दिसंबर तक पूरा होना है। धनौली में एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सिविल एन्क्लेव का निर्माण जारी है। यह काम भी अक्तूबर तक पूरा करना होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पण के लिए दोनों काम अक्तूबर तक पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिविल एन्क्लेव के रनवे विस्तार में बाधा बन रहे पेड़ों को काटने का मामला उठा तो मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कराने के लिए कहा। विकास कार्यों की बैठक में एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने दयालबाग से खंदौली को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पुल, एत्मादपुर बाईपास, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने ग्वालियर रोड पर जलभराव रोकने के प्रस्ताव रखे।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath ) के समक्ष जनप्रतिनिधियों ने सड़क खोदकर छोड़ने और घटिया मरम्मत कार्यों की शिकायत की। इसके बाद सीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वालों खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश संबंधित जिलों के डीएम को दिए। सीएम ने कहा कि आगरा एक मेट्रो शहर है, इसलिए यहां पानी, सड़क, सीवर, और सौंदर्यीकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं मेट्रो सिटी के मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन या अन्य कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत में लापरवाही मिलने पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजें। हर हाल में कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य सहित मंडल के सभी विधायक, एमएलसी और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।