Tuesday, June 23, 2026

Delhi, INDIA, News

इंडिगो ने यात्रियों से मांगी माफी: 5-15 दिसंबर तक की टिकटों का पूरा रिफंड,सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

IndiGo apologizes to passengers, Govt orders high-level inquiry to determine reasons amid crisis

सरकार ने एयरलाइन कंपनी इंडिगो ( IndiGo)की सेवाओं में आई दिक्कतों की उच्च स्तरीय जांच कराने का फैसला किया है। इसके साथ ही सरकार की ओर से यात्रियों की दिक्कतों को कम करने के लिए 24X7 कंट्रोल रूम बनाया है।इसके अलावा केंद्र सरकार ने इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के नए नियमों में राहत दी है। सरकार ने कहा है कि एयर सेफ्टी से कोई समझौता किए बिना, यह फैसला पूरी तरह से यात्रियों के हित में लिया गया है।

उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार ने इंडिगो( IndiGo) की सेवाओं में आई रुकावट की उच्च स्तरीय जांच कराने का फैसला किया है। मंत्रालय ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इंडिगो में क्या गलत हुआ, जहां भी जरूरी होगा वहां जवाबदेही तय की जाएगी और सही कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी रुकावटों को रोकने के लिए उपाय सुझाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को दोबारा ऐसी मुश्किलों का सामना न करना पड़े।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ( IndiGo)ने उड़ानों में लगातार देरी और बड़े पैमाने पर रद्दीकरण के बाद यात्रियों से सार्वजनिक माफी मांगी है। कंपनी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में यात्रियों को जो परेशानियां झेलनी पड़ीं, वह उसे समझती है और स्थिति सुधारने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। यह माफी डीजीसीए द्वारा अपने हालिया सख्त निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाने के बाद आई है।

एयरलाइन ने कहा कि हम जानते हैं कि बीते कुछ दिन आपलोगों के लिए मुश्किल भरे रहें। हालांकि यह परेशानी रातों-रात खत्म नहीं होगी, लेकिन हम आश्वासन देते हैं कि जल्द से जल्द सभी चीजें अपनी सामान्य स्थिति में आ जाएंगी।

इंडिगो ( IndiGo)ने बताया कि शुक्रवार को सर्वाधिक उड़ानें रद्द की गईं, ताकि शेड्यूल और सिस्टम को रीबूट किया जा सके और शनिवार से सुधार शुरू हो सके। कंपनी के अनुसार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए के साथ समन्वय में काम करते हुए शॉर्ट-टर्म कैंसिलेशन के जरिए एयरपोर्ट पर भीड़ कम कर संचालन को सुचारु बनाने की कोशिश की जा रही है।

एयरलाइन ने यात्रियों को राहत देने के लिए कई फैसलों की घोषणा की है। कैंसिल हुई उड़ानों का किराया अपने आप मूल पेमेंट मोड में रिफंड किया जाएगा। साथ ही 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की बुकिंग पर कैंसिलेशन और री-शेड्यूलिंग पूरी तरह मुफ्त होगी। कंपनी ने यात्रियों के लिए विभिन्न शहरों में हजारों होटल कमरे और सतही परिवहन की व्यवस्था करने का दावा भी किया है। हवाई अड्डों पर फूड-स्नैक्स और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाउंज सुविधा भी उपलब्ध कराने की कोशिश हो रही है।

इंडिगो( IndiGo) ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि उड़ान स्थिति वेबसाइट पर देखें और रद्द हुई उड़ानों के बावजूद एयरपोर्ट न पहुंचें। साथ ही कंपनी ने बताया कि कॉल सेंटर क्षमता बढ़ाई गई है और उसका एआई असिस्टेंट ‘6Eskai’ रिफंड, रीबुकिंग और जानकारी देने के लिए मदद करेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो की चल रही उड़ान सेवा बाधाओं की वास्तविक समय में निगरानी के लिए एक 24×7 नियंत्रण कक्ष (011-24610843, 011-24693963, 096503-91859) स्थापित किया है। मंत्रालय ने कहा कि यह नियंत्रण कक्ष त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई, हितधारकों के बीच प्रभावी समन्वय, और उत्पन्न होने वाले मुद्दों के तत्काल समाधान को सुनिश्चित करेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करना और प्रभावित हवाई अड्डों पर सामान्य संचालन को शीघ्र बहाल करना है।

Vijay Upadhyay

Vijay Upadhyay is a career journalist with 23 years of experience in various English & Hindi national dailies. He has worked with UNI, DD/AIR & The Pioneer, among other national newspapers. He currently heads the United News Room, a news agency engaged in providing local news content to national newspapers and television news channels