नाइजीरिया ( Nigeria)के पूर्वोत्तर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां आतंकियों का पीछा कर रहे सेना के लड़ाकू विमानों की गलत बमबारी ने बाजार को श्मशान में तब्दील कर दिया। योबे राज्य के सीमावर्ती इलाके में स्थित एक साप्ताहिक बाजार पर हुई इस बमबारी में कम से कम 200 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
नाइजीरिया ( Nigeria) में घटना शनिवार रात की है, जब नाइजीरियाई वायुसेना के जेट विमान कट्टरपंथी संगठन बोको हराम के आतंकियों की तलाश में थे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमानों ने बोर्नो और योबे राज्य की सीमा पर स्थित जिल्ली नामक गांव के बाजार को निशाना बनाया। चश्मदीदों का कहना है कि उस वक्त बाजार में भारी भीड़ थी और लोग खरीदारी में व्यस्त थे, तभी आसमान से बरसी मौत ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
बात यह है कि नाइजीरियाई वायुसेना ने आतंकियों को मारने का दावा तो किया है, लेकिन बाजार पर हमले की बात से पल्ला झाड़ लिया है। वायुसेना ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने बोर्नो राज्य के जिल्ली क्षेत्र में बोको हराम के लड़ाकों को ढेर किया है, लेकिन उन्होंने आम नागरिकों के हताहत होने का जिक्र नहीं किया। वहीं दूसरी ओर, पड़ोसी राज्य योबे की सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि हवाई हमला एक बाजार के पास हुआ है। योबे राज्य के सैन्य सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल दाहिरू अब्दुसलाम ने पुष्टि की कि जिल्ली के साप्ताहिक बाजार में गए कई लोग इस हमले की चपेट में आए हैं।