ऑस्ट्रेलिया (Australia ) में टेनिस के बेताज बादशाह स्पेन के राफेल नडाल( Rafael Nadal )ने 21वां ग्रैंडस्लैम जीत लिया है। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने के मामले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को पीछे छोड़ दिया। 35 साल के स्पेनिश टेनिस खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में 25 साल के रूसी स्टार डेनिल मेदवेदेव को पांच सेट तक चले संघर्ष में 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 से हरा दिया। यह नडाल के करियर का दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन और ओवरऑल 21वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। फाइनल मुकाबला 5 घंटे और 24 मिनट तक चला।
35 साल के नडाल ( Rafael Nadal )की मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग पांच है। इस टूर्नामेंट से पहले तक नडाल, जोकोविच और फेडरर 20-20 ग्रैंड स्लैम जीत पर थे। हालांकि, अब नडाल बाकी दोनों से आगे निकल गए हैं। जोकोविच यह टूर्नामेंट वीजा रद्द होने की वजह से नहीं खेल पाए। वह डिफेंडिंग चैंपियन थे और उन्होंने सबसे ज्यादा नौ बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है।
फाइनल में विश्व नंबर दो रूस के मेदवेदेव के खिलाफ एक वक्त नडाल शुरुआती दो सेट में पिछड़ गए थे। इसके बाद वापसी करते हुए अगले तीन सेट जीते। यह नडाल के करियर में सिर्फ चौथी बार है जब उन्होंने शुरुआती दो सेट हारने के बाद मैच जीता हो। सबसे पहले 2005 मैड्रिड मास्टर्स में नडाल ने ऐसा किया था, जब उन्होंने क्रोएशिया के इवान लुबिचिच को 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 7-6 से हराया था।
नडाल का यह चारों ग्रैंडस्लैम मिलाकर 29वां फाइनल था। उन्होंने अब तक फ्रेंच ओपन के सबसे ज्यादा 13 फाइनल मुकाबले खेले हैं और इन सभी में जीत हासिल की है। वहीं, ऑस्ट्रेलियन ओपन का यह उनका छठा फाइनल था, जिसमें से उन्होंने सिर्फ दो जीते हैं। नडाल यूएस ओपन और विम्बलडन के पांच-पांच फाइनल मुकाबले खेल चुके हैं। यूएस ओपन वह दो बार और विम्बलडन चार बार जीत चुके हैं।
ग्रैंडस्लैम में नडाल ( Rafael Nadal )ने कुल मिलाकर 339 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 298 मैच जीते हैं, जबकि 41 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियन ओपन में नडाल ने 91 मुकाबले खेले हैं। इसमें से उन्होंने 76 मैच जीते हैं और 15 में हार का सामना करना पड़ा है। वह अब तक इस सीजन में लगातार 10 मैचों से अजेय हैं।