दिल्ली ( Delhi ) में कोर्ट की कार्यवाही में बाधा डालने का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है जो सिगरेट और शराब पीते हुए अंडरवियर पहनकर कोर्ट की सुनवाई में पेश पेश हुआ। इस संबंध में कोर्ट के रिकॉर्ड कीपर ने शिकायत दर्ज कराई थी।
दिल्ली ( Delhi )पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही अदालती कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह धूम्रपान और शराब पीते हुए अंडरवियर में अदालत में पेश हुआ था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गोकुलपुरी निवासी मोहम्मद इमरान (32) एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ दिल्ली भर में लूट, झपटमारी और अन्य अपराधों के 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। तीस हजारी कोर्ट स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंशुल सिंघल की अदालत के रिकॉर्ड कीपर की शिकायत पर 22 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था।
दिल्ली ( Delhi )उत्तर जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बंठिया ने बताया कि आरोपी पर आरोप है कि 16 और 17 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति अकीब अखलाक नाम से अदालत की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुआ। वह धूम्रपान व शराब पीते हुए अंडरवियर में दिखाई दिया। बार-बार जाने के निर्देश देने के बावजूद, वह कथित तौर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मौजूद रहा, जिससे अदालती कार्यवाही में बाधा उत्पन्न हुई। संदिग्ध ने कई फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया था और बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। टीम ने आरोपी को पुराने मुस्तफाबाद के चमन पार्क में ढूंढ निकाला और उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान इमरान ने स्वीकार किया कि उसे वेबएक्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म के बारे में एक परिचित से पता चला। वह जिज्ञासावश अदालती कार्यवाही में शामिल हुआ। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने वर्चुअल सुनवाई के दौरान अंडरवियर में सुनवाई में भाग लिया, सिगरेट पी और शराब का सेवन किया।