Tuesday, June 23, 2026

News, PM Narendra Modi, World

Oman:ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाकर प्रधानमंत्री मोदी ने रचा इतिहास,‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से किया गया सम्मानित

PM Modi Conferred With Oman's Highest Civilian Award 'The Order Of Oman'

 (PM Modi )  को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से नवाजा गया है। इसके साथ ही उन्हें अब तक 29 देशों के सर्वोच्च विदेशी नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत कूटनीति को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव का भी संकेत देता है।

ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi )को यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें ओमान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान दिया गया। यह यात्रा उनके तीन देशों के दौरे का अंतिम चरण थी। ऑर्डर ऑफ ओमान ओमान का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1970 में सुल्तान कबूस बिन सईद ने की थी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ प्राप्त कर स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस सम्मान के लिए सुल्तान हैथम बिन तारिक, ओमान सरकार और वहां की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे भारत और ओमान के लोगों के बीच स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री ने भारत और ओमान के बीच सदियों पुराने समुद्री संबंधों को रेखांकित करते हुए इस सम्मान को भारत की जनता और उन पूर्वजों को समर्पित किया, जिन्होंने मंडवी से मस्कट तक की यात्राओं के माध्यम से इन संबंधों की नींव रखी। उन्होंने उन नाविकों और समुद्री यात्रियों को भी श्रद्धांजलि दी, जिनके पीढ़ी-दर-पीढ़ी संपर्क और आदान-प्रदान से दोनों देशों की प्रगति में योगदान मिला।

यह सम्मान भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर और प्रधानमंत्री के मस्कट आधिकारिक दौरे के दौरान प्रदान किया गया, जो दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की गहराई को दर्शाता है।

ऑर्डर ऑफ ओमान के साथ प्रधानमंत्री मोदी को(PM Modi ) अब तक 29 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। इनमें ब्राजील, फ्रांस, रूस, अमेरिका, श्रीलंका, भूटान, मिस्र, कुवैत, यूएई, सऊदी अरब और फलस्तीन जैसे देशों के बड़े सम्मान शामिल हैं। यह उपलब्धि किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए दुर्लभ मानी जाती है। प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi )को मिले ये सम्मान भारत की मजबूत विदेश नीति और बढ़ती वैश्विक भूमिका को दिखाते हैं। ओमान का यह सम्मान बताता है कि भारत अब केवल एक क्षेत्रीय शक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भरोसेमंद और प्रभावशाली देश के रूप में स्थापित हो चुका है।

Vijay Upadhyay

Vijay Upadhyay is a career journalist with 23 years of experience in various English & Hindi national dailies. He has worked with UNI, DD/AIR & The Pioneer, among other national newspapers. He currently heads the United News Room, a news agency engaged in providing local news content to national newspapers and television news channels