Tuesday, June 23, 2026

Chandigarh, Crime, Haryana, News

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के सुसाइड नोट के आधार पर हरियाणा के डीजीपी समेत 13 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर,चंडीगढ़ पुलिस ने दर्ज किया केस

Y Puran Kumar suicide case

  के 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार(Y Puran Kumar) की मौत मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर समेत 12 से 13 अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पूरण कुमार ने अपने सुसाइड नोट में डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक के एसएसपी समेत कुल 13 अधिकारियों के नाम लिखे थे। सुसाइड नोट के आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने अब इन सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सुसाइड नोट में लिखे गए अधिकारियों के खिलाफ धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) बीएनएस और 3(1)(आर) पीओए (एससी/एसटी) अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर ने केवल इतना बताया कि पूरन कुमार(Y Puran Kumar) की पत्नी और हरियाणा की वरिष्ठ IAS अफसर अमनीत पी. कुमार की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। सुसाइड नोट में जिनके नाम थे, उन्हें आरोपी बनाया गया है।

इससे पहले सीएम नायब सैनी वीरवार दोपहर में आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की पत्नी आईएएस अमनीत पी कुमार से मिलने चंडीगढ़ सेक्टर-24 स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे और उनके पति वाई पूरण कुमार के निधन पर शोक जताया। सैनी करीब 45 मिनट रुके और फिर बिना कुछ कहे रवाना हो गए। सीएम के साथ वरिष्ठ आईएएस राजेश खुल्लर भी थे। आईएएस अमनीत पी कुमार ने साफ कह दिया था कि जब तक आरोपी अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं होता तब तक वह पति वाई पूरण कुमार का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।

आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार(Y Puran Kumar) के सुसाइड नोट में पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस को यह भी पता चला है कि सुसाइड नोट में कोई तात्कालिक घटना या निजी झगड़े का जिक्र नहीं है यानी अधिकारी ने अपने अंतिम कदम के पीछे किसी अचानक हुए तनाव या हालिया विवाद को नहीं बताया। घटनास्थल से अधिकारी का सुसाइड नोट जेब में मिला था जबकि घर में उनका लैपटॉप नहीं मिला। एक लैपटॉप उनकी बेटी का बताया गया। पुलिस ने मौके पर सीएफएसएल और फॉरेंसिक टीम के साथ पूरी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की है। पुलिस अब सुसाइड नोट की लिखावट, तारीख और नोट में शामिल मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।

हरियाणा के दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार ने अपने करियर के दौरान सरकार, विभाग और सिस्टम पर कई बार सवाल उठाए। उन्होंने खुले तौर पर नियमों, पदोन्नति, पोस्टिंग और भेदभाव को लेकर सरकार, प्रमुख सचिव, चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर शिकायतें दर्ज कराईं। उनकी आत्महत्या के कारणों की जांच में इन मामलों पर सवाल उठ सकते हैं।

Chandigarh Police has filed an FIR against 13 officials, including the Haryana DGP, based on the suicide note of senior IPS officer Y Puran Kumar

Jaba Upadhyay

Jaba Upadhyay is a senior journalist with experience of over 15 years. She has worked with Rajasthan Patrika Jaipur and currently works with The Pioneer, Hindi.