Tuesday, June 23, 2026

Crime, News, Rajasthan

Rajasthan: जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का राज गहराया, पीएम रिपोर्ट में भी कारण साफ नहीं, अब विसरा की जांच

Sadhvi Prem Baisa Death

जोधपुर में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा (Sadhvi Prem Baisa) की  मौत का मामला अब और गंभीर हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का साफ कारण पता नहीं चला लेकिन मेडिकल सूत्रों के मुताबिक, साध्वी की छोटी और बड़ी आंत में लाल निशान मिले हैं, जो अक्सर जहर के असर से होते हैं। अगर जहर का संदेह सही है, तो आगे की जांच में यह साफ होगा। इस मामले में अब विसरा (आंतरिक अंग जैसे फेफड़े, यकृत, गुर्दे, आंत) की रासायनिक जांच की जा रही है। इससे पता चलेगा कि शरीर में कोई जहरीला पदार्थ था या नहीं और अगर था, तो वह कैसे पहुंचा। FSL की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।

साध्वी प्रेम बाईसा (Sadhvi Prem Baisa)की मौत को लेकर मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया, जहां नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। राज्य सरकार ने भी पूरे मामले की गहन जांच कराने का आश्वासन दिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आश्रम के बाहर दो अस्थालाइन की बोतल भी मिली है। इसके साथ ही सवाल उठ रहे हैं कि क्या साध्वी को अस्थमा था। अस्थमा के मरीजों को अक्सर डेक्सोना इंजेक्शन दिया जाता है, जो स्टेरॉयड होता है और फेफड़ों की सूजन कम करता है। लेकिन ज्यादा मात्रा में यह खतरनाक भी हो सकता है।

साध्वी प्रेम बाईसा (Sadhvi Prem Baisa)के पिता विरमनाथ ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनकी बेटी के अलग-अलग कार्यक्रम तय थे, लेकिन बुधवार को उनका कोई कार्यक्रम नहीं था। उन्हें हल्का जुकाम और गले में खराश थी, इसलिए इलाज के लिए एक कंपाउंडर को बुलाया गया। इसी दौरान उन्हें एक इंजेक्शन दिया गया। पिता का आरोप है कि इंजेक्शन लगते ही मात्र 30 सेकंड में साध्वी की तबीयत अचानक बहुत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता ने भावुक होकर कहा कि साध्वी ने अंतिम समय में कहा था कि “जीते जी न्याय नहीं मिला, लेकिन मृत्यु के बाद सनातन ही न्याय दिलाएगा।” उन्होंने पुलिस प्रशासन और संत समाज से अपील की कि इस मामले की सच्चाई सामने आए।

दरअसल इस केस में सस्पेंस तब गहराया, जब उनकी मौत के लगभग 4 घंटे के बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कुछ इस तरह लिखा था कि ‘जीते जी नहीं, जाने के बाद मिलेगा न्याय’। उनके इस पोस्ट को इस बात से जोड़कर देखा जा रहा है कि कुछ महीनों से एक फेक और एआई मॉर्फ्ड वायरल वीडियो के जरिए उन्हें उनके पुराने स्टॉफ के लोग बदनाम करने की धमकी देकर परेशान कर रहे थे।

Jaba Upadhyay

Jaba Upadhyay is a senior journalist with experience of over 15 years. She has worked with Rajasthan Patrika Jaipur and currently works with The Pioneer, Hindi.