दिल्ली ( Delhi ) में एक जज ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। खुदकुशी करने वाले जज अमन कुमार शर्मा( judge Aman Kumar Sharma) कड़कड़डूमा कोर्ट में कार्यरत थे। उनका आवास ग्रीन पार्क में था। पुलिस ने बताया कि सफदरजंग इलाके में दिल्ली न्यायिक सेवा के एक अधिकारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। फिलहाल, फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला लग रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना से जुड़ी प्रासंगिक परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, अमन शर्मा ( judge Aman Kumar Sharma) 19 जून, 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से 2018 में बीए एलएलबी पूरा किया था। अपने कार्यकाल में उन्होंने आपराधिक और सिविल मामलों को संभाला। उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में विभिन्न न्यायालयों में सेवा दी। 18 अक्तूबर, 2025 से अमन शर्मा ने कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी जिले के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव का प्रभार संभाला था।