मूलरूप से लखनऊ के रहने वाले सुरेश चंद माैर्या 28 साल से आगरा
( AGRA
) में रह रहे थे। हाल ही में पश्चिमपुरी स्थित ब्रज द्वारिका कालोनी में रह रहे थे। वह शाम तकरीबन 6:15 बजे आयकर भवन पहुंचे। उन्होंने पार्किंग में स्कूटर खड़ा किया। इसके बाद आफिस की तरफ जाने लगे। उस समय गेट पर गार्ड लोकेंद्र ड्यूटी पर था। उसने सुरेश चंद से शाम को आफिस आने के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि काम से आए हैं। वह अंदर चले गए। 15 मिनट बाद गार्ड टायलेट के लिए अंदर जा रहा था।
तभी उसे तेज आवाज आई। लिफ्ट के पास बनी सीढि़यों की खाली जगह में फर्श पर सुरेश चंद का शव पड़ा हुआ था। यह देखकर वो घबरा गया। उसने अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद आगरा( AGRA) पुलिस को बताया। सूचना पर थाना हरीपर्वत पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जांच की। घटनास्थल के आसपास खून के छींटे पड़े थे। सातवीं मंजिल पर सीढि़यों पर चप्पल पड़ी हुई मिलीं। यह सुरेश चंद की थीं। घटना की जानकारी पर उनका बेटा सूरज और पत्नी अलका आ गईं। उनका हाल बेहाल हो गया।
पुलिस ने स्वजन से बात की तो उन्होंने बताया कि सुरेशचंद शाम साढे पांच बजे कार्यालय में जरूरी काम बताकर घर से निकले थे। उनके व्यवहार से कहीं से ऐसा प्रतीत नहीं हुआ कि इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठा सकते हैं।एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि सुरेशचंद डिप्रेशन में चल रहे थे। आत्महत्या का कारण जानने के स्वजन से बात की जाएगी।