आगरा ( Agra ) के थाना हरी पर्वत क्षेत्र में आईएसबीटी के पास बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हुई है। दोनों युवक एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र (MBBS student )थे। वे अपने सहपाठी को बोदला छोड़कर वापस बाइक से लौट रहे थे। तभी किसी तेज रफ्तार कार से टक्कर होने पर घायल हो गए, अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
दोनों एमबीबीएस छात्रों की मृत्यु की सूचना पर एसएन मेडिकल काॅलेज इमरजेंसी पर छात्रों का हुजूम इकट्ठा हो गया। छात्र9छात्राएं रोने लगे तो सिद्ध के पिता राजेश ने उनके हाथ जोड़े और समझाकर वहां से भेजा। एसएन के प्राचार्य डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि आज हमने भविष्य के दो होनहार डाॅक्टर खो दिए। घटना काफी दुखद है।
मृतकों की पहचान एमबीबीएस छात्र (MBBS student )हरदोई निवासी तनिष्क गुप्ता और कमला नगर निवासी सिद्धार्थ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर और छात्र इकट्ठा हो गए। वहीं परिजनों को भी जानकारी दी गई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में लगी हुई है।
हरदोई के आवास विकास कालोनी निवासी तनिष्क गुप्ता पुत्र अरविंद गुप्ता एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे। वे संजय प्लेस स्थित पीजी में रहते थे। रविवार शाम छह बजे तनिष्क शहर के विमल वाटिका कमलानगर निवासी सिद्धार्थ के साथ बाइक से निकले थे। बताया गया है कि दोनों अपने दोस्त को बोदला छोड़कर वापस लौट रहे थे।
आइएसबीटी के पास एक कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों डिवाइडर से टकराकर गिर पड़े।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसएन इमरजेंसी भेजा जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सिद्ध और तनिष्क दोस्त थे। एसएन मेडिकल कालेज से एमबीबीएस कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2022 में प्रवेश लिया था। वह तृतीय वर्ष में थे। परिजन से पूछताछ में पता चला कि दोपहर दो बजे सिद्ध घर से निकले थे। उनके साथ तनिष्क भी थे।
उन्हें बोदला में किसी परिचित को छोड़कर आना था। उसे छोड़ने के बाद दोनों बाइक से खंदारी की तरफ आ रहे थे। आशंका है कि वह गुरुद्वारा गुरु का ताल ओवरब्रिज होते हुए सर्विस रोड पर आए। इसके बाद सर्विस रोड से ही आईएसबीटी पर आए थे। आईएसबीटी की तरफ जाने वाले कट से पहले लैमन ट्री होटल के सामने उनकी बाइक को एक अन्य वाहन की टक्कर लगी। इससे उनकी बाइक असंतुलित हो गई।
छात्रों की बाइक हाईवे और सर्विस रोड के बीच में बने छोटे डिवाइडर पर चढ़ गई। इससे दोनों बाइक सहित गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बाइक चलाने वाले छात्र ने हेलमेट पहन रखा था। मगर वह टूट गया। सड़क पर सिर लगने की वजह से दोनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर थाना हरीपर्वत पुलिस पहुंच गई। उन्हें सिकंदरा चाैराहा स्थित अस्पताल ले गई, जहां हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। मगर वहां से भी दोनों को रेफर कर दिया। पुलिस उन्हें एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी लेकर आई, जहां उनकी माैत हो गई। घटना की जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र और जूनियर डाक्टर भी इकट्ठा हो गए। सभी में शोक की लहर दाैड़ गई।
कमला नगर के विमल वाटिका निवासी राजेश की जेनरेटर पार्ट्स बनाने की फैक्टरी है। बड़ा बेटा अक्षत एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सिद्ध ने नीट में अच्छे अंक प्राप्त किए थे। इस कारण एसएन मेडिकल काॅलेज में प्रवेश मिला था। होनहार बेटे की माैत से पिता सदमे में हैं पोस्टमार्टम हाउस में वह कह रहे थे कि उनका सब कुछ छिन गया। परिवार के लोग उन्हें सांत्वना दे रहे थे। पिता ने बताया कि बेटा घर से दो बजे स्कूटर लेकर निकला था। रास्ते में कहीं स्कूटर खड़ी की और तनिष्क के साथ उसकी बाइक पर चला गया। शाम पांच बजे के करीब हादसा हुआ।