Sunday, July 26, 2026

Education, News, Uttar Pradesh

Uttar Pradesh :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों से बोले- सोशल मीडिया की अफवाहों से युवा को बचाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने आगरा के दो दिवसीय दाैरे के दूसरे दिन उच्च शिक्षा के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा का तोहफा दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छत्रपति शिवाजी ऑडिटोरियम खंदारी कैंपस में मुख्यमंत्री ने इस योजना का उद्घाटन किया।
दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शनों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने रविवार को आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के समारोह में शिक्षकों से कहा कि भारत की प्रगति से चिढ़ने वाली विदेशी ताकतें अत्याधुनिक तकनीक और विदेशी फंड का दुरुपयोग कर समाज में अफवाहें फैलाकर विद्वेष व अव्यवस्था फैलाने का षड्यंत्र रच रहीं हैं। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों और शिक्षकों का आह्वान किया कि वे ढाल बनकर युवा पीढ़ी को सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं से बचाएं और उन्हें राष्ट्र प्रथम के मार्ग पर लाएं।
 मौजूदा राजनीतिक माहौल में मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं के दिग्भ्रमित होने पर चिंता जताते हुए खंदारी स्थित शिवाजी मंडपम सभागार में कहा कि आज करीब 60 फीसदी युवा स्मार्टफोन और यूट्यूब के जरिए दुनिया को समझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और गुमनाम प्लेटफॉर्म पर परोसे जा रहे असत्यापित कंटेंट को युवा सच मान बैठते हैं, जिससे समाज अराजकता का शिकार हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्रों को सत्य और झूठ का भेद बताएं। गूगल पर मौजूद हर सामग्री प्रामाणिक नहीं होती, इसलिए युवाओं को वापस पुस्तकालयों और संदर्भ ग्रंथों की ओर मोड़ना शिक्षकों की जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं के खतरे से आगाह करने के साथ ही सीएम योगी ने तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सोशल मीडिया आज की जरूरत हैं, हम इनसे मुंह नहीं मोड़ सकते। उन्होंने विश्वविद्यालयों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत डुअल डिग्री और नए पाठ्यक्रम लागू करने को कहा। सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, 3डी प्रिंटिंग और रोबोटिक्स की ट्रेनिंग की सुविधा शुरू की है, जिसका लाभ उच्च शिक्षण संस्थानों को भी उठाना चाहिए। शिक्षकों को अपनी कक्षाएं रोचक बनानी चाहिए ताकि छात्र बोरियत के कारण क्लास न छोड़ें।
कार्यक्रम के दौरान प्राचीन तक्षशिला विश्वविद्यालय और विख्यात वैद्य जीवक का दृष्टांत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु की भूमिका योजक की होती है, जो छात्रों की सोई हुई योग्यताओं को उभारता है। सीएम ने स्पष्ट किया कि जब भी भारत अपने स्वर्ण युग की ओर बढ़ता है, विदेशी हमले तेज हो जाते हैं। ऐसे में हमारे विश्वविद्यालय केवल डिग्री बांटने के केंद्र न रहें, बल्कि वे नवाचार, शोध और राष्ट्रभक्ति के ऐसे मजबूत दुर्ग बनें जो दिग्भ्रमित समाज को सकारात्मक दिशा दे सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(Yogi Adityanath) ने आगरा में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को दोहरा तोहफा दिया। एक तरफ मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का शुभारंभ किया। वहीं इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग ने पीएनबी के साथ एमओयू भी किया। इसमें शिक्षकों व कर्मचारियों को डेढ़ करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।

पीएनबी के साथ हुए एमओयू के तहत शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 60 हजार तक का अस्पताल नकद लाभ तथा 12 लाख तक का टर्म लाइफ बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग इसके माध्यम से शिक्षकों व कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराएगा।

वहीं सीएम कैशलेस चिकित्सा सुविधा में प्रदेश के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों व उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का भी लाभ मिलेगा।
समारोह में कुलपति आशु रानी, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षामंत्री मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, सांसद राजकुमार चाहर आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Vijay Upadhyay

Vijay Upadhyay is a career journalist with 23 years of experience in various English & Hindi national dailies. He has worked with UNI, DD/AIR & The Pioneer, among other national newspapers. He currently heads the United News Room, a news agency engaged in providing local news content to national newspapers and television news channels

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *